मध्यप्रदेश

घायल पुलिसकर्मी ने दिखाई बहादुरी, बैंक लूटने आए आरोपी को किया गिरफ्तार, आरोपियों ने पेट्रोल बम से किया था धमाका

छिंदवाड़ा: एमपी के छिंदवाड़ा शहर के परासिया रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में शनिवार दोपहर लूट की नाकाम कोशिश की गई है। दो बदमाश बैंक में घुसकर लॉकर तोड़ने और नकदी लूटने की तैयारी में थे। पुलिस के पहुंचते ही एक आरोपी ने पेट्रोल से भरे रस्सी बम में आग लगाकर धमाका कर दिया और भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने एक पुलिस अधिकारी पर नुकीले हथियार से हमला भी कर दिया। हालांकि घायल होने के बावजूद पुलिस अधिकारी ने साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।

पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी फरार है। घटना शनिवार दोपहर करीब 12:50 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बैंक का ताला टूटा हुआ देखा और अंदर संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

शटर उठाकर फोड़ा रस्सी बम

पुलिस के अनुसार बैंक की शाखा पहली मंजिल पर संचालित होती है। जब पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे तो भीतर छिपा आरोपी अचानक सामने आ गया। उसने शटर उठाया और पेट्रोल से भरे रस्सी बम में आग लगा दी। देखते ही देखते जोरदार धमाका हुआ और आसपास धुआं फैल गया।

धमाके की आवाज से अफरा-तफरी

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घबरा गए। कुछ देर के लिए बैंक परिसर और आसपास अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिसकर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी और आरोपी का पीछा जारी रखा। पुलिस जब आरोपी को पकड़ने के करीब पहुंची तो उसने अपने पास रखे नुकीले हथियार से उप निरीक्षक नारायण बघेल पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ में चोट आई और खून निकलने लगा। इसके बावजूद उन्होंने पीछे हटने के बजाय आरोपी को पकड़ा।

फाइलों में लगा दी आग

जांच के दौरान पुलिस को बैंक के अंदर तोड़फोड़ के निशान मिले हैं। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि आरोपियों ने बैंक के लॉकर तक पहुंचने की कोशिश की थी। लॉकर को नुकसान पहुंचाने के भी प्रयास किए गए। इसके अलावा बैंक के रिकॉर्ड और दस्तावेजों को नष्ट करने के उद्देश्य से फाइलों वाले हिस्से में आग लगा दी गई थी।

दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को आशंका थी कि उसका साथी बैंक परिसर में कहीं छिपा हो सकता है। इसके चलते बैंक भवन और आसपास के क्षेत्र की सघन तलाशी ली गई। पुलिस ने हर कमरे और हिस्से की जांच की, लेकिन दूसरा आरोपी नहीं मिला। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

  • छिंदवाड़ा में बैंक लूटने की कोशिश
  • एक आरोपी मौके से हुआ फरार
  • पुलिस ने एक दो मौके से किया गिरफ्तार
  • घायल होने के बाद भी पुलिसकर्मी ने पकड़ा

एसपी ने किया निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही अजय पांडे भी बैंक ऑफ इंडिया शाखा पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला लूट के प्रयास का प्रतीत हो रहा है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार साथी की तलाश के लिए विशेष टीम लगाई गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button