एकतरफा प्यार में कूड़ा डालने निकली महिला को फावड़े से काट डाला

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जहां के गढ़ी रसूलपुर गांव में एक युवक ने एकतरफा प्रेम के जुनून में आकर एक महिला की फावड़े से काटकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, गढ़ी रसूलपुर निवासी राम रहीश कुशवाहा की पुत्री शिल्पी (उम्र लगभग 25-27 वर्ष) की शादी 7 साल पहले नयागांव के गोविंद के साथ हुई थी। हालांकि, पति के साथ विवाद होने के कारण शिल्पी काफी समय से अपने मायके में ही रह रही थी। सोमवार की रात जब वह घर से कूड़ा डालने के लिए बाहर निकली, तभी मौत बनकर आए आरोपी ने उसे घेर लिया।
घात लगाकर किया हमला
पुलिस ने बताया कि आरोपी ऋषभ द्विवेदी शिल्पी से एकतरफा प्यार करता था और उस पर दबाव बना रहा था। सोमवार रात जब शिल्पी सड़क पर थी, तभी पहले से ही फावड़ा लेकर छिपे ऋषभ ने उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना भीषण था कि शिल्पी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अशोक कुमार मीणा, एएसपी सुबोध कुमार गौतम और सीओ रवि प्रकाश सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
एसपी हरदोई का बयान
हरदोई के एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि 13 अप्रैल को पीआरवी के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच और ग्रामीणों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह हत्या एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते की गई है। आरोपी की पहचान ऋषभ द्विवेदी के रूप में हुई है। पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए गठित कर दी गई हैं, जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।



