उत्तरप्रदेश

नोएडा एलिवेटेड रोड का 11 मीटर हिस्सा होगा चेंज, IIT रुड़की को दी गई दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी

नोएडा: नोएडा एलिवेटेड खुलने के लिए अभी करीब महीने भर का इंतजार लोगों को और करना पड़ेगा। आईआईटी रुड़की ने अथॉरिटी को बताया है कि एलिवेटेड रोड पर कमजोर बेयरिंग से क्रैक आया है। जिसके चलते 11 मीटर लंबा पूरा सेगमेंट बदला जाएगा। अथॉरिटी ने आईआईटी रुड़की को ही इसे ठीक करने की जिम्मेदारी दे दी है।

15 दिसंबर के बाद खुलेगी एलिवेटेड रोड

जानकारी के मुताबिक 15 दिसंबर से पहले नोएडा एलिवेटेड रोड खुलने की उम्मीद नहीं है। एक सेक्शन को तो पूरी तरह बदला ही जाएगा। साथ ही अन्य सेक्शनों की भी जांच होगी जिसमें यह पता लगाया जाएगा कि कहीं बाकी में ऐसी दिक्कत आने की आशंका तो नहीं है। आईआईटी रुड़की की जांच में क्षतिग्रस्त हिस्से की बेयरिंग कमजोर मिलने की बात सामने आई है।

सड़क की ऊपरी सतह गड्ढे में बदली

बेयरिंग पर पर्याप्त भार नहीं संभल पाने के कारण एलिवेटेड रोड के एक सेगमेंट पर दबाव पड़ा और उसमें दरारें (क्रैक) आने लगीं। इसका असर करीब 11 मीटर लंबे हिस्से पर पड़ा, जिससे सड़क की ऊपरी सतह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढे में बदल गई। अब प्राधिकरण ने इस पूरे सेगमेंट को बदलने का फैसला लिया है। क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाकर नया सेगमेंट लगाया जाएगा। जिसके लिए काम शुरू कर दिया गया है।

जानिए क्या होता है बेयरिंग का काम

एलिवेटेड रोड के अलग-अलग सेगमेंट के बीच बेयरिंग लगाई जाती है। इनका काम ऊपर से आने वाले भार को सहारा देना और तापमान में बदलाव के कारण पुल में होने वाले फैलाव और सिकुड़न के दौरान नियंत्रित हलचल की गुंजाइश देना होता है। बेयरिंग कमजोर होने या ठीक से काम नहीं करने पर संबंधित हिस्से में भार का संतुलन प्रभावित हो सकता है।

आईआईटी रुड़की की देखरेख में होगा काम

प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करूणेश ने बताया कि मरम्मत का काम आईआईटी रुड़की के इंजीनियरों की देखरेख में होने जा रहा है। विशेषज्ञों के सुझाव पर क्षतिग्रस्त हिस्से को पैबंद लगाकर ठीक करने के बजाय पूरा सेगमेंट बदला जाएगा।

26 दिन से बंद है एक साइड, जाम से परेशानी

सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली साइड में 15 अक्टूबर को पहली बार गड्डा हुआ था। प्राधिकरण ने इसकी मरम्मत कराई, 20 अक्टूबर को उसी जगह दोबारा गड्डा हो गया। इसके बाद 21 अक्टूबर को इस पर ट्रैफिक बंद कर दिया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button