जरा हट के

मौत को टक से छूकर 5 बार जिंदा बचा लड़का, मकड़ी के काटने से लेकर कार हादसे तक में बची जान!

कहते हैं कि अगर किस्मत मेहरबान हो तो काल भी सामने आकर रास्ता बदल लेता है. दक्षिण अफ्रीका के रहने वाले 26 साल के मॉडल जेडन होडेमेकर (Jaden Hoedemaker) इस बात का जीता-जागता सबूत हैं, जिनकी जिंदगी किसी थ्रिलर फिल्म की कहानी जैसी लगती है. जेडन ने इतनी छोटी सी उम्र में ही 5 बार मौत को टक से छूकर जिंदा बच गए, जिसकी वजह से कई लोग उन्हें ‘मौत को मात देने वाला बाजीगर’ कहने लगे है. हाल ही में ब्राजील की यात्रा के दौरान उन्हें महज 26 साल की उम्र में अचानक ब्रेन स्ट्रोक आया, जो उनके जीवन की पांचवीं ऐसी घटना थी जहां वे मौत के जबड़े से सुरक्षित बाहर निकले. इससे पहले वे जहरीली मकड़ी के काटने, पहाड़ पर फंसने, भीषण कार हादसे और समुद्र में डूबने जैसी जानलेवा स्थितियों का सामना कर चुके हैं. उनके साथ हुए ये पांचों हादसे किसी के भी रोंगटे खड़े करने के लिए काफी हैं.

हालिया घटित इस घटना की शुरुआत तब हुई, जब जेडन रियो डी जनेरियो के एक होटल में सुबह नहा रहे थे. उन्होंने बताया, ‘शॉवर लेते समय मुझे अचानक अजीब महसूस हुआ. जब मैं बाहर निकला, तो मेरा दिमाग सुन्न पड़ गया था, मुझे चक्कर आ रहे थे और सब कुछ धुंधला लगने लगा. मैंने अपने दोस्त को आवाज देनी चाही, लेकिन मेरे मुंह से शब्द ही नहीं निकल रहे थे. मेरी आवाज पूरी तरह गायब हो चुकी थी.’ हैरानी की बात यह है कि जेडन न तो नशा करते हैं और न ही शराब पीते हैं, उनका खान-पान भी किसी एथलीट की तरह हेल्दी है. शुरुआती दो अस्पतालों में डॉक्टरों ने उनकी हालत को हलके में लिया और उन्हें मामूली कमजोरी बताकर घर जाने को कह दिया. लेकिन जब उनकी एक डॉक्टर दोस्त ने स्ट्रोक के लक्षणों को भांप लिया, तो उन्हें साओ पाउलो के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इस जानलेवा स्ट्रोक की पुष्टि हुई.

जेडन का मानना है कि वे किसी ‘अदृश्य शक्ति’ या अपने ‘गार्जियन एंजल्स’ की वजह से आज जिंदा हैं. उनके जीवन में दुर्घटनाओं का सिलसिला तब शुरू हुआ, जब वे महज 5 साल के थे और उन्हें एक जानलेवा मकड़ी ने काट लिया था. इसके बाद 17 साल की उम्र में वे अपने दोस्तों के साथ एक ऊंचे पहाड़ के खतरनाक मोड़ पर फंस गए थे, जहां से उन्हें मौत के बीच से एयरलिफ्ट कर सुरक्षित निकाला गया. 22 साल की उम्र में वे एक ऐसे भीषण कार एक्सीडेंट का शिकार हुए, जहां गाड़ी के परखच्चे उड़ गए थे और 23 साल की उम्र में बाली में सर्फिंग के दौरान वे समुद्र की लहरों के बीच डूबने ही वाले थे. जेडन कहते हैं, ‘इतनी मुसीबतों के बाद डिप्रेशन में जाना आसान है, लेकिन सकारात्मक सोच और भरोसे ने मुझे हर बार एक नया जन्म दिया है.’

अस्पताल में दो हफ्ते के कड़े इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनके ठीक होने को कुदरत का चमत्कार बताया. डॉक्टरों को उनके स्ट्रोक का कोई मेडिकल कारण नहीं मिला, क्योंकि उनकी फिटनेस और ब्लड प्रेशर बिल्कुल परफेक्ट थे. जेडन का मानना है कि शायद वे अपनी जिंदगी ‘200 की रफ्तार’ से जी रहे थे और खुद को आराम देने के बजाय काम को बहुत ज्यादा प्राथमिकता दे रहे थे. अब वे पूरी तरह ठीक हैं और उन्होंने फिर से कैमरा का सामना करना यानी मॉडलिंग शुरू कर दी है. हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल सर्फिंग जैसे जोखिम भरे कामों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है. जेडन अब अपनी सेहत को अपनी सबसे बड़ी दौलत मानते हैं और दुनिया को यह संदेश देते हैं कि खुद के लिए समय निकालना कितना जरूरी है. उनका कहना है कि अब वह काफी शांत महसूस कर रहे हैं और हर पल को खुलकर जीने की कोशिश कर रहे हैं.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button