चुनावी घमासान से डरा शेयर बाजार, सेंसेक्स 1062 अंक लुढ़का, मार्केट गिरने के रहे ये 5 कारण

लोकसभा चुनाव का घमासान पूरे शबाब पर है। तीन चरण का चुनाव हो चुका है। चौथे चरण की तैयारी जोरों पर है। चुनाव में सत्तारूढ़ दल ‘एनडीए’ और ‘इंडिया’ गठबंधन में तगड़ा मुकाबला है। चुनाव में किसका पलड़ा भारी रहेगा, इसका अनुमान लगाना मुश्किल है। इसका असर भारतीय स्टॉक मार्केट पर दिखाई दे रहा है। बाजार में लगातार बिकवाली हाबी है। गुरुवार को लगातार तीसरे दिन बाजार में गिरावट जारी रही। बीएसई सेंसेक्स 1,062.22 अंक लुढ़कर 72,404.17 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 335.40 अंकों की गिरावट के साथ 21,967.10 अंक पर पहुंच गया। बाजार में सिर्फ ऑटो शेयरों में तेजी रही।
1. चुनावी अनिश्चितता: मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि शेयर बाजार पहले मान बैठा था कि इस बार भी लोकसभा चुनावों में बीजेपी-एनडीए गठबंधन की जीत होगी। हालांकि, कम मतदान ने भाजपा की बंपर जीत पर संदेह पैदा कर दिया है। यह कारण बाजार की धारणा को प्रभावित कर रहा है। इससे मुनफावसूली हाबी है, जिससे बाजार नीचे जा रहा है
. कमजोर तिमाही नतीजे: 2024 की चौथी तिमाही की नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं है। कई कंपनियों ने कमजोर नतीजे पेश किए हैं। इससे एक ओर उन स्टॉक्स में बिकवाली हुई है। वहीं, दूसरी ओर खरीदारी को भी बढ़ावा नहीं मिला है।
. यूएस फेड के आक्रामक रुख का असर: अमेरिकी फेडरल रिजर्व अधिकारियों की हालिया आक्रामक बयानबाजी ने भारतीय इक्विटी पर दबाव बढ़ा दिया है। इस सप्ताह, मिनियापोलिस फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष नील काशकारी ने स्थिर मुद्रास्फीति और आवास बाजार का हवाला देते हुए कहा था कि इस साल ब्याज दर में बदलाव की उम्मीद नहीं है। इससे विदेशी निवेशक पैसा निकाल रहे हैं।
4. तेल की कीमतों में बढ़ोतरी: तेल की कीमतों में वृद्धि हुई है। ब्रेंट क्रूड 84 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया। इस बीच, वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट $79 से ऊपर पहुंच गया है। इसका असर भी भारतीय बाजार पर देखने को मिल रहा है।
5. वीकली एक्सपायरी: वीकली एक्सपायरी के कारण भी आज बाजार में अस्थिरता बढ़ गई। इसने भी बिकवाली को हवा दिया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में बुधवार को बिकवाल रहे और शुद्ध रूप से 6,669.10 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर बेचे।



