खेल

IND vs SA: भारत ने साउथ अफ्रीका को 30 रनों से हराया, ईशान और तिलक ने की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी 

IND vs SA: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय टीम ने वॉर्मअप मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत तैयारियों का संकेत दिया है। नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेले गए इस मैच में भारत ने साउथ अफ्रीका को 30 रनों से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवरों में 240 रन बनाए, जिसके जवाब में अफ्रीकी टीम 210 रन ही बना सकी।

गेंदबाजी में भारतीय टीम ने इस मुकाबले में कुल 9 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। अभिषेक शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 29 रन देकर 1 विकेट लिया। वहीं अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को भी एक-एक सफलता मिली। हालांकि शिवम दुबे की गेंदबाजी चिंता का विषय रही, जिन्होंने अपने चार ओवरों में 57 रन लुटा दिए। खास बात यह रही कि जसप्रीत बुमराह ने इस वॉर्मअप मैच में गेंदबाजी नहीं की, जबकि हर्षित राणा ने सिर्फ एक ओवर डाला।

बल्लेबाजी में भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। ओपनिंग करने उतरे ईशान किशन ने 20 गेंदों में 53 रन बनाकर शानदार शुरुआत दी और रिटायर आउट हुए। तीसरे नंबर पर आए तिलक वर्मा ने 19 गेंदों में 45 रनों की तेज पारी खेली। अभिषेक शर्मा ने भी 18 गेंदों में 24 रन जोड़े। अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 10 गेंदों में 30 रन बनाकर स्कोर को 240 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

अब भारतीय टीम अपना पहला आधिकारिक मुकाबला 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button