ब्रजघाट पर नशे में धुत पर्यटकों का तांडव, नाविक पिता-पुत्र से मारपीट, पुलिस से भी भिड़ीं महिलाएं

Hapur News: नाविक गोपाल ने थाने में पुलिस से की शिकायत में बताया कि रविवार की शाम 8 -10 युवक नशे में धुत होकर ब्रजघाट पर हंगामा कर रहे थे. हंगामा करते-करते युवक उनकी नाव पर चढ़ गए और उस पर कूदने लगे.
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में तीर्थनगरी गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट पर रविवार को नशे में धुत पर्यटक युवकों ने जमकर उत्पात मचाया. बताया जा रहा है कि नावों की छत पर चढ़कर हंगामा कर रहे युवकों को जब नाविकों ने रोकने की कोशिश की, तो न सिर्फ नाविकों से जमकर कहासुनी हुई, बल्कि एक नाविक पिता पुत्र को उत्पाती युवकों ने जमकर पटक-पटक कर पीटना शुरू कर दिया. युवकों के उत्पात की सूचना पुलिस दी गई, तो सूचना पर पुलिस कंट्रोल रूम की लैपर्ड पुलिस मौके पर पहुंच गई.
जिस पर न सिर्फ उत्पाती पर्यटक युवकों ने, बल्कि उनके साथ आई महिलाओं ने भी पुलिसकर्मियों से मारपीट करनी शुरू कर दी. इस पूरी घटना का वीडियो अब जमकर वायरल हो रहा है. पुलिस ने इस मामले में मौके से 4 से 5 लोगों को अपनी हिरासत में लिया है और उनके खिलाफ कार्रवाई करनी शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला ?
तीर्थनगरी गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट पर रहने वाले नाविक गोपाल ने थाने में पुलिस से की शिकायत में बताया कि रविवार की शाम करीब 4:30 बजे 8 से 10 युवक नशे में धुत होकर ब्रजघाट पर हंगामा कर रहे थे. हंगामा करते-करते युवक उनकी नाव पर चढ़ गए और उस पर कूदने लगे. गोपाल ने बताया कि जब उसके पिता पीतम और उसने इसका विरोध किया, तो उत्पाती युवकों ने उनसे मारपीट करनी शुरू कर दी. घटना की जानकारी उन्होंने पुलिस को दी, तो सूचना पर पुलिस कंट्रोल रूम से लेपर्ड पुलिस मौके पर पहुंच गई.
साथ आई महिलाओं ने शुरू कर दी मारपीट
गोपाल ने बताया कि इन उत्पाती युवकों के साथ आई महिलाओं ने भी पुलिस को देखते ही एक पुलिसकर्मी को घेर लिया और उसके साथ भी जमकर मारपीट करनी शुरू कर दी. घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं. जिसमें साफ तौर पर देखा जा रहा है कि पर्यटक युवक नाविकों की नाव की छत पर चढ़कर न सिर्फ उत्पात मचा रहे हैं, बल्कि एक नाविक युवक को उठा-उठाकर बुरी तरह से पटका भी जा रहा है.
कई हिरासत में जांच शुरू
सूचना पर पहुंची पुलिस से भी न सिर्फ महिलाएं खींचतान कर रही हैं, बल्कि पुरुष भी मारपीट कर रहे हैं. इस घटना में पुलिस ने चार से पांच लोगों को अपनी हिरासत में ले लिया है और नाविक की तहरीर पर हंगामा कर रहे युवकों के खिलाफ कार्रवाई करनी शुरू कर दी है.



