महाराष्ट्र

‘तुम्हारी किडनी निकालकर खून भी बेच दूंगा’, कर्ज को लेकर दोस्त की पिटाई करते हुए दी धमकी

मुंबई: नवी मुंबई में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक व्यक्ति ने अपने दोस्त पर कर्ज न चुका पाने पर हमला किया। आरोप है कि उसने दोस्त को किडनी निकालने की धमकी भी दी। यह घटना 9 अगस्त को हुई। पीड़ित ने 26 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कहा कि पीड़ित ने शिकायत में देरी के लिए किसी कारण का जिक्र नहीं किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित नवी मुंबई के पनवेल स्थित अकुरली निवासी एक ऑटो-रिक्शा चालक है। पुलिस ने बताया कि 2018 में पीड़ित ने ऑटो-रिक्शा खरीदने के लिए एक निजी बैंक से लोन लिया था और इसमें उसका यह दोस्त जमानतदार था। पनवेल थाने के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के अनुसार, ऑटो-रिक्शा चालक लोन की किश्तें चुकाने में विफल रहा। इस कारण बैंक ने उसका वाहन जब्त कर लिया और जमानतदार का खाता फ्रीज कर दिया।

मुंह में रूमाल ठूंसकर पिटाई की

इसके बाद नौ अगस्त को दोनों लोग बैंक पहुंचे जहां, उनसे 36 हजार रुपये का बकाया चुकाने को कहा गया। अधिकारी ने बताया कि बैंक जाने के बाद आरोपी अपने दोस्त को मामले पर बात करने के बहाने मोटरसाइकिल पर पनवेल के वाजेगांव स्थित अपने घर ले गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने घर में अपने दोस्त को कुर्सी पर बैठाया और फिर कथित रूप से उसके हाथ-पैर बांध दिए तथा उसके मुंह में रूमाल ठूंसने के बाद उसकी पिटाई की।

किडनी निकालने और खून बेचने की धमकी दी

अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पीड़ित को धमकी दी कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो वह उसकी किडनी निकाल लेगा और उसका खून बेच देगा। उन्होंने बताया कि हमले के दौरान आरोपी ने पीड़ित की जेब से 12,300 रुपये कथित तौर पर छीन लिए और उसे छोड़कर भाग गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(7) (बंधक बनाना), 118(1) और 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button