400 करोड़ कमाने वाली ‘हनुमान अंश’ के सीक्वल का बजट कितना होगा? प्रोड्यूसर ने किया खुलासा

इस साल बॉलीवुड में एक कम बजट वाली फिल्म ने बड़े बजट वाली फिल्मों की कमाई को पीछे छोड़ दिया और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के दम पर बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की. दरअसल हम बात कर रहे हैं डिवोशनल ड्रामा ‘हनुमान अंश’ की. महज 2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने दुनिया भर में 400 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है और सिनेमाघरों में 50 दिन चलने के बाद भी दर्शकों को अपनी ओर खींच रही है. वहीं अब इस फिल्म की प्रोड्यूसर ने इसकी सीक्वल के बजट को लेकर अपडेट दिया है.
क्या ‘हनुमान अंश’ के सीक्वल का बजट ज्यादा होगा?
दरअसल, दैनिक भास्कर के साथ एक इंटरव्यू में, फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने बताया है कि पहली फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद क्या इसके सीक्वल का बजट काफी बढ़ेगा. अनुप्रिया ने कहा, “मेरी सोच बिल्कुल साफ है, मेरा मानना है कि दूसरी फिल्म का बजट भी पहली फिल्म जैसा ही होना चाहिए. सिर्फ 10 करोड़ या 20 करोड़ ज्यादा लगाने से फिल्म बेहतर नहीं बन जाएगी. इससे वीएफएक्स या एआई का फालतू इस्तेमाल हो सकता है, जिसकी कहानी को शायद जरूरत न हो, और इससे फिल्म की असलियत पर असर पड़ सकता है.”
असलियत बनाए रखना है प्रायोरिटी
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि फिल्म का बजट बढ़ाने से ज्यादा जरूरी है उस दुनिया की असलियत बनाए रखना जिसे दिखाया जा रहा है.उन्होंने कहा, “हम जिस दौर को दिखा रहे हैं, उसमें सिर्फ किरदार ही अहम नहीं हैं. उस समय का नजारा, विजुअल टेक्सचर, माहौल और दुनिया भी उतनी ही जरूरी है. इसीलिए असलियत बनाए रखना हमारी प्रायोरिटी है. दर्शकों ने हमें बहुत प्यार और साथ दिया है, इसलिए हम पैसे बर्बाद नहीं कर सकते. हां, अगर अगली कहानी के लिए सच में ज्यादा बजट की जरूरत हुई, तो हम उसे बढ़ा देंगे.”
‘हनुमान अंश’ के बारे में
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा की लाइफ पर बेस्ड एक बायोपिक फिल्म है. इस फिल्म में शोभिनव सत्या और चंदन आनंद मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि अनिल रस्तोगी, पूर्णिमा तिवारी, सुगंधा मल्होत्रा, भगवानदास पटेल और नेहा परांजपे सहायक भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म आजादी से पहले के भारत में रहने वाले लक्ष्मी नारायण नाम के एक युवा लड़के के शुरुआती जीवन की कहानी है, जो अपनी मां की मौत के बाद ईश्वर की खोज में घर छोड़ देता है. इसमें उत्तरी भारत में उनकी आगे की यात्रा और उनके नीम करौली बाबा बनने के सफर को दिखाया गया है.
‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
यह फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफ़िस पर इसकी शुरुआत धीमी रही, इसने सिर्फ 10 लाख कमाए. हालांकि, लोगों से मिली अच्छी प्रतिक्रिया के कारण तीसरे हफ्ते में इसकी रफ़्तार बढ़ गई. तब से, ‘हनुमान अंश’ ने दुनिया भर में 414 करोड़ और भारत में 300 करोड़ से ज्यादा की नेट कमाई की है. फिल्म की सफलता को देखते हुए, मेकर्स ने इसके सीक्वल की घोषणा की है.



