वैज्ञानिकों ने चूहों को कार चलाने की ट्रेनिंग दी. देखकर किसी को नहीं हुआ यकीन

इंसानों को तो आप रोज ही कार चलाते देखते होंगे. फिल्मों में आपने बंदरों को गाड़ी चलाते देखा होगा. पर क्या कभी आपने चूहों को कार चलाते देखा है? हाल ही में वैज्ञानिकों ने चूहों को कार चलाने की ट्रेनिंग (Rats driving cars) दी. ये नजारा देखकर किसी को भी अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ. आप भी सोच रहे होंगे कि ये मुमकिन कैसे हुआ? चलिए आपको इसके बारे में ज्यादा जानकारी देते हैं.
डेली स्टार न्यूज वेबसाइट के अनुसार अमेरिका के यूनिवर्सिटी ऑफ रिचमंड ने चूहों के ग्रुप को प्लास्टिक से बनी छोटी कारें चलाना सिखाया है. बदले में उन्हें वो Froot Loops ब्रांड का सीरियल खाने को देते हैं, जो अनाज से बनता है. चलिए आपको बताते हैं कि ये मुमकिन कैसे हुआ. दरअसल, इस स्टडी की लीड वैज्ञानिक डॉ. केली लैंबर्ट ने बताया कि चूहों का दिमाग इंसानों की तरह होता है. उनके अंदर किसी भी स्किल को जल्दी सीख लेने की क्षमता होती है.
सबसे पहले वैज्ञानिकों ने छोटी सी प्लास्टिक की कार बनाई जो बिजली से चलने वाली थी. उन्होंने प्लास्टिक के डिब्बे में एलुमिनियम प्लेट लगा दी थी और फिर उसमें पहिए भी लगा दिए. फिर उस डिब्बे में कॉपर वायर लगा दिया गया था. कार चलाने के लिए चूहे एलुमिनियम प्लेट पर बैठते हैं और कॉपर वायर को छूते हैं. इससे सर्किट पूरा हो जाता है और गाड़ी चलने लगती है. चूहे अपने से दिशा चुन सकते हैं.
वैज्ञानिकों ने पाया कि जो चूहे खिलौने, और अन्य चूहों के बीच रहते हैं, वो ज्यादा आसानी से गाड़ी चलाना सीखते हैं. उन्होंने ये भी पाया कि चूहों को गाड़ी चलाने के लिए बहुत मोटिवेशन मिलता है. डॉक्टर ने कहा कि उन्हें लगता था कि चूहों को गंदगी, पत्थर और प्लास्टिक की चीजें ज्यादा पसंद आती थीं. पर अब हम देख पा रहे हैं कि चूहे प्लास्टिक की कारें चला रहे हैं.



