जर्मनी की महिला ने भारत के 4 शहरों को दी सेफ्टी रेटिंग, लोग बोले- ‘दिल्ली-गुरुग्राम जाओ तो बंदूक साथ रखना’

जर्मनी की महिला ट्रैवलर एलिस पिछले करीब 20 दिनों से भारत घूम रही हैं. उन्होंने अपने सफर की शुरुआत बेंगलुरु से की थी, जिसके बाद वो पुणे, लोनावला और मुंबई गईं और अब वे दिल्ली आ गई हैं. 18 सितंबर को मुंबई छोड़ने से पहले उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वे सोलो ट्रैवलिंग को लेकर अपना एक्सपीरियंस शेयर कर रही हैं. उन्होंने भारत की 4 फेमस लॉकेशन्स को 10 में से रेटिंग देते हुए बताया कि उनकी नजर में कौन सा शहर उन्हें सबसे ज्यादा सेफ लगा.
बेंगलुरु को मिले 10 में से 9 नंबर
इंस्टाग्राम पर aliawayadventures नाम के अकाउंट से शेयर करीब 1 मिनट की इस वीडियो में एलिस ने सुरक्षा के मामले में सबसे बेहतरीन रेटिंग कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु को दी है. उन्होंने 10 में से 9 नंबर देते हुए कहा कि बेंगलुरु शहर बेहद सुकून देने वाला है. ट्रैवल के दौरान किसी ने भी उनसे अजीब तरीके से बात नहीं की और न ही कोई अप्रिय घटना हुई. बेंगलुरु के लोग उनके साथ बहुत ही दोस्ताना और मददगार रहे.
पुणे और मुंबई दोनों को मिले 8 अंक
अपनी यात्रा में एलिस ने महाराष्ट्र के पुणे और मुंबई शहरों का भी दौरा किया और दोनों को 10 में से 8 अंक दिए. एलिस ने कहा, ‘जब मैं पुणे में थीं, तब वहां त्योहारों का माहौल था और काफी भीड़-भाड़ थी. इसके बावजूद मुझे कोई दिक्कत नहीं हुई. लेकिन मुंबई की सुरक्षा इस बात पर निर्भर करती है कि आप शहर के किस इलाके में हैं. लेकिन कुल मिलाकर एक महिला ट्रैवलर के रूप में मुझे मुंबई हमेशा सेफ लगी और कभी कोई परेशानी नहीं हुई.’
लोनावला को मिले सबसे कम नंबर
पहाड़ी और ग्रामीण इलाके लोनावला के एक्सपीरियंस को एलिस ने 10 में से 7.5 की रेटिंग दी. उन्होंने बताया कि वहां बहुत ज्यादा विदेशी या पर्यटक मौजूद नहीं थे, फिर भी उनका अनुभव बिल्कुल भी खराब नहीं रहा. सोलो महिला ट्रैवलर्स की सेफ्टी को लेकर अक्सर पूछे जाने वाले सवालों का जवाब देते हुए एलिस ने कहा कि भारत घूमने का उनका यह सफर बहुत ही यादगार रहा.



