सीरीज हार के बाद रोहित शर्मा का छलका दर्द

नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के खिलाफ घर में टेस्ट सीरीज गंवाने से रोहित शर्मा बहुत दुखी हैं. भारतीय टेस्ट इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब न्यूजीलैंड की टीम यहां आकर टेस्ट सीरीज जीतने में सफल हुई. लगभग 70 साल बाद कीवी टीम को भारत में पहली बार टेस्ट सीरीज में जीत मिली. टीम इंडिया का इसके साथ अपने घर में लगातार 18 टेस्ट सीरीज जीतने का विजय रथ भी रूक गया. 3 मैचों की सीरीज में न्यूजीलैंड 2-0 से आगे हो गया है. सीरीज गंवाने के बाद भारतीय टीम का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की राह भी थोड़ी मुश्किल हो गई है. रोहित शर्मा से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उनकी नजर अभी डब्ल्यूटीसी फाइनल पर नहीं है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच हारने के बाद भारत की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को भी झटका लगा है. और रोहित इससे अच्छी तरह वाकिफ हैं. रोहित शर्मा,‘मैं इसलिए आहत हूं क्योंकि हमें हार का सामना करना पड़ा. मैं अभी इस बारे में नहीं सोच सकता कि आगे क्या होने वाला है और क्या इससे (विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की) हमारी संभावना प्रभावित हो सकती है. हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और हम सीरीज हार गए जो आहत करने वाला है. हमें एक इकाई के रूप में कुछ चीजों पर काम करने की जरूरत है.’
भारत बनाम न्यूजीलैंड तीसरा टेस्ट 1 नवंबर से
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच 1 नवंबर से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. रोहित ने तीसरे टेस्ट मैच में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई है. बकौल रोहित,‘हमें वानखेड़े में अच्छा प्रदर्शन करना होगा. और उस टेस्ट मैच को जीतने की कोशिश करनी होगी. यह सामूहिक असफलता है. मैं उन लोगों में शामिल नहीं हूं जो बल्लेबाजों या गेंदबाजों पर दोष मढे. हमें वानखेडे में बेहतर इरादों और बेहतर रणनीति के साथ उतरना होगा.’
‘हमने ऐसी उम्मीद नहीं की थी’
रोहित शर्मा ने कहा कि यह निराशाजनक है. और हमने ऐसी उम्मीद नहीं की थी. हमें न्यूजीलैंड को श्रेय देना होगा क्योंकि उन्होंने हमसे बेहतर प्रदर्शन किया. हम उनकी चुनौती का जवाब देने में विफल रहे.’ मौजूदा सीरीज के शुरुआती दोनों टेस्ट मैचों में भारतीय बल्लेबाजी फ्लॉप रही. एक दो खिलाड़ियों के छिटपुट प्रदर्शन को छोड़कर बाकियों ने निराश किया.



