सरना मां की साधना के लिए 80 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़ीं 3 महिलाएं, 9 दिन तक नहीं उतरेंगी

रांची. झारखंड की राजधानी रांची से 17 किमी की दूरी पर एक अजीब घटना घटी. हुड़वा सरना स्थल का नजारा देखने वाले लोग हैरान हैं. दरअसल, यहां सरना स्थल में तीन महिलाएं पेड़ पर 80 फीट ऊपर चढ़कर सरना मां की आराधना कर रही हैं. स्थानीय लोगों ने इन्हें नीचे उतरने को कहा, लेकिन इन्होंने साफ तौर पर कहा कि वे 9 दिन के बाद ही उतरेंगी.
दरअसल, इन तीन महिलाओं का नाम सालगी टोप्पो, नागी टोप्पो व बाबी टोप्पो. यह तीनों बीते बृहस्पतिवार से सरना मां की पूजा करने पेड़ पर चढ़ी हैं. अब 9 दिन के बाद ही नीचे आएंगी. लोगों ने बताया कि उन्होंने इशारा करके बताया कि फिलहाल वह तीनों साधना करने के लिए ऊपर चढ़ी हैं और उनको ज्यादा डिस्टर्ब न किया जाए.
साधना के लिए चुना पेड़
नीचे इन लोगों की रखवाली करते हुए संतोषी देवी बताती हैं, मैं यहीं बगल में रहती हूं और इन लोगों को ऊपर बैठा देख हम लोग भी नीचे बैठकर इनकी रखवाली करते रहते हैं. हम लोगों का सरना मां पर अटूट विश्वास है. हम लोग प्रकृति की पूजा करते हैं. जल, जंगल व जमीन की पूजा करते हैं, इसलिए इन तीनों ने साधना के लिए भी प्रकृति की गोद को चुना.
ऐसा पहली बार देख रहे हैं…
संतोषी देवी ने आगे बताया, साधना करने के लिए इन तीनों को कई शांत-एकांत जगह जहां पर कोई भी इनको परेशान न करे चाहिए थी. इसलिए इन्होंने पेड़ में इतना ऊपर जाकर साधना करने की ठानी. ऐसा पहले किसी ने नहीं किया है, ऐसा हम पहली बार देख रहे हैं और यह देखना बड़ा दिलचस्प है. लेकिन, इनके हौसले को देखते हुए ऐसा लगता है कि सरना मां का इन पर कोई विशेष आशीर्वाद है.



