छत्तीसगढ़

देर रात पटाखे फोड़ने पर हुआ विवाद, जज के परिवार और बर्थडे पार्टी में शामिल लोगों के बीच जमकर मारपीट

बिलासपुर। बिलासपुर में जन्मदिन की पार्टी के दौरान देर रात तक ढोल-नगाड़े बजाने और पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि महासमुंद के परिवार न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी और उनके परिवार के साथ मारपीट का आरोप लगा है। वहीं, जन्मदिन समारोह में शामिल एक युवक ने भी जज की पत्नी और साले के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले दर्ज किए हैं।

घटना 31 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे राजकिशोर नगर के जूनियर एमआईजी क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर अपनी पत्नी और परिवार के साथ ससुराल आए हुए थे। रात में परिवार के सभी सदस्य घर पर सो रहे थे। इसी दौरान पास में चल रही जन्मदिन की पार्टी में तेज आवाज में ढोल-नगाड़े बजाने और पटाखे फोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि करीब 45 मिनट तक लगातार शोर होने से घर में मौजूद बच्चे और बुजुर्ग भी परेशान हो गए। इसके बाद न्यायाधीश शोर बंद कराने और समझाइश देने के लिए घर से बाहर पहुंचे।

शिकायत के मुताबिक, गली में करीब 100 से 200 लोगों की भीड़ मौजूद थी। वहां प्रॉपर्टी डीलर अभय बरुआ के घर जन्मदिन का कार्यक्रम चल रहा था। न्यायाधीश ने तेज आवाज में ढोल-नगाड़े बजाने और पटाखे फोड़ने पर आपत्ति जताई तो वहां मौजूद लोगों से विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि अभय बरुआ और उसके साथियों ने न्यायाधीश के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें घेर लिया और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। विवाद बढ़ने पर उनकी पत्नी आकांक्षा सोनवानी, साला अभिषेक भारद्वाज, सास नीरा भारद्वाज और साले की पत्नी गुरप्रीत कौर भारद्वाज भी बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई।

इस दौरान न्यायाधीश की शर्ट के बटन टूट गए, जबकि उनकी पत्नी और साले का चश्मा भी छीन लिया गया। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने और घर में घुसकर हंगामा करने के आरोप भी लगाए गए हैं। मामले में हिस्ट्रीशीटर वसीम खान की मौजूदगी का आरोप भी सामने आया है।

इस मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। टेंट व्यवसायी विनय वैद्य ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, वह 1 नवंबर की रात करीब 12:15 बजे अपने दोस्त रक्तिम सारखेल के साथ राजकिशोर नगर स्थित स्टेट बैंक के पास अभय बरुआ का जन्मदिन मनाने पहुंचा था।

विनय का कहना है कि सभी लोग घर पर एकत्र होकर शांतिपूर्वक केक काटकर जन्मदिन मना रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग घर के सामने पटाखे जला रहे थे। बाहर से शोर सुनाई देने पर वह देखने पहुंचा तो वहां आकांक्षा सोनवानी नाम की महिला अपने पति के जज होने का हवाला देते हुए गाली-गलौज कर रही थीं।

विनय के मुताबिक, वहां मौजूद लोगों ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने अपने पति को बुला लिया। इसके बाद प्रफुल्ल सोनवानी कथित तौर पर लाठी लेकर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान आकांक्षा सोनवानी और प्रफुल्ल सोनवानी ने भी उसके साथ झूमाझटकी और मारपीट की।

विनय ने अपनी शिकायत में बताया कि विवाद के दौरान प्रफुल्ल सोनवानी ने फोन कर अपने साले अभिषेक भारद्वाज को बुलाया। अभिषेक कार लेकर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की धमकी देते हुए कार चढ़ाने की बात कही गई।

विनय के अनुसार, मारपीट में उसके बाएं कंधे, पीठ और हाथ के अंगूठे में चोट आई है। जन्मदिन में शामिल अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। उसने यह भी दावा किया कि घटना के समय अभय बरुआ घर के भीतर था और उसे विवाद की जानकारी नहीं थी।

सरकंडा पुलिस ने विनय वैद्य की शिकायत पर न्यायाधीश की पत्नी आकांक्षा सोनवानी और साले अभिषेक भारद्वाज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। वहीं, न्यायाधीश के परिवार की ओर से भी मारपीट की शिकायत की गई है।

फिलहाल मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। घटना की वास्तविक स्थिति और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button