दिल्ली में अक्टूबर में डेंगू के 98 मामले, मलेरिया की क्या है स्थिति?

दिल्ली में डेंगू का खतरा एक बार फिर से बढ़ता जा रहा है. अक्टूबर के पहले सप्ताह में डेंगू के 98 नए मामले सामने आए हैं, जिससे इस साल तक कुल मामलों की संख्या बढ़कर 695 हो गई है. दिल्ली नगर निगम (MCD) की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई. दिल्ली में सितंबर में इस बीमारी के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए थे जब डेंगू के 286 मामले सामने आए थे.
इसके अलावा मलेरिया के 124 मामले दर्ज किए गए थे. यह इस साल दोनों बीमारियों के एक महीने में सबसे अधिक मामले हैं. इससे पहले अगस्त में दिल्ली में डेंगू के 90 और मलेरिया के 53 मामले दर्ज किए गए थे.
2026 में अब तक डेंगू या मलेरिया से किसी की नहीं हुई मौत- रिपोर्ट
तीन अक्टूबर को समाप्त सप्ताह की साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में अक्टूबर में अब तक डेंगू के 98 और मलेरिया के 23 मामले सामने आए हैं. इस साल मलेरिया के कुल मामलों की संख्या 266 हो गई है. रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026 में राष्ट्रीय राजधानी में अब तक डेंगू या मलेरिया से किसी की मृत्यु की सूचना नहीं है.
चिकनगुनिया के भी 2 नए मामले आए सामने
दिल्ली में अक्टूबर के पहले सप्ताह में चिकनगुनिया के भी दो नए मामले सामने आए. दिल्ली में अगस्त में चिकनगुनिया के आठ और सितंबर में पांच मामले दर्ज किए गए थे. इन नए मामलों के साथ, दिल्ली में इस साल चिकनगुनिया के कुल मामलों की संख्या 29 पहुंच गई है. इस बीमारी से भी अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं है.
मच्छर जनित बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए उपाय जारी- MCD
एमसीडी ने बताया कि मच्छर जनित बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए सभी रिहायशी इलाकों में मच्छर-नियंत्रण के उपाय किए जा रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारियों ने इस साल अब तक 3.18 करोड़ से अधिक बार घरों का सर्वेक्षण किया और 1.89 लाख से अधिक घरों में लार्वा का पता लगाया है. निगम ने 1,32,172 कानूनी नोटिस जारी किए हैं, जबकि 20,882 चालान किए. रिपोर्ट के अनुसार, एमसीडी ने इस वर्ष के दौरान जुर्माने के तौर पर 29.70 लाख रुपये वसूल किए हैं.



