महाराष्ट्र FDA का 11 होटलों पर एक्शन, केमिकल से पके केले और डिटर्जेंट मिले दूध का खुलासा

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने राज्यभर में मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. FDA की अलग-अलग टीमों ने नवी मुंबई में केमिकल से पकाए जा रहे केले, सोलापुर में डिटर्जेंट मिले दूध और मुंबई-कोंकण में प्रतिबंधित गुटखा व सुगंधित तंबाकू का स्टॉक जब्त किया है.
इसके अलावा मुंबई में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 होटल, रेस्टोरेंट और बेकरी के खिलाफ कार्रवाई की गई है.
नवी मुंबई में केमिकल से पकाए जा रहे थे केले
FDA के कोंकण डिविजन की टीम ने नवी मुंबई के तुर्भे स्थित APMC फ्रूट मार्केट में स्टॉल नंबर N-919 पर छापेमारी की. जांच के दौरान केले पकाने के लिए ‘BTHILEX’ (Ethephon 39% SL) नामक केमिकल के घोल का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई. FDA ने मौके से सुंदरी, इलायची और खट्टा-मीठा प्रजाति के कुल 1,394 किलो केले जब्त किए. इनकी कीमत करीब 67,814 रुपये बताई गई है.
जांच में इस्तेमाल किए जा रहे केमिकल के पैकेट पर निर्माता का पता और CIB&RC रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं मिला, जिससे केमिकल के फर्जी या संदिग्ध होने की आशंका जताई गई है. मामले में APMC पुलिस स्टेशन में FSS Act 2006, BNS और Insecticides Act 1968 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
FDA के मुताबिक फलों को सीधे केमिकल के घोल में डुबोकर पकाना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है. फलों को पकाने के लिए निर्धारित नियमों के तहत ही एथिलीन गैस का इस्तेमाल किया जा सकता है.
सोलापुर में 16,730 लीटर मिलावटी दूध नष्ट
सोलापुर जिले के मालशिरस इलाके में FDA ने दूध में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई की. जांच के दौरान दो डेयरी प्रतिष्ठानों के दूध में डिटर्जेंट की मौजूदगी पाई गई. इसके बाद कुल 16,730 लीटर मिलावटी दूध, जिसकी कीमत करीब 6.69 लाख रुपये थी, मौके पर नष्ट कराया गया.
महालक्ष्मी मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट्स, पिलिव के यहां गाय के दूध की जांच में डिटर्जेंट पॉजिटिव पाया गया. इसके अलावा दूध में फैट और SNF की मात्रा भी निर्धारित मानकों से कम थी. FDA ने 7,634 लीटर दूध, जिसकी कीमत 3,05,360 रुपये थी, नष्ट कराया. इस मामले में मालशिरस पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 487/2026 दर्ज की गई है.
वहीं डेलिविश एग्रो डेयरी प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड, पिलिव के दूध में भी डिटर्जेंट पाया गया. यहां से 9,096 लीटर दूध, जिसकी कीमत 3,63,840 रुपये थी, नष्ट कराया गया. इस मामले में FIR नंबर 486/2026 दर्ज की गई है.
मुंबई-कोंकण में 1.29 करोड़ से ज्यादा का प्रतिबंधित माल जब्त
FDA ने मुंबई और कोंकण क्षेत्र में गुटखा, सुगंधित तंबाकू और अन्य प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ भी कार्रवाई की. मुंबई डिविजन की टीम ने धारावी, बांद्रा ईस्ट और सांताक्रूज वेस्ट में तीन प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर करीब 31.14 लाख रुपये का प्रतिबंधित स्टॉक जब्त किया. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और BNS तथा FSS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पालघर के चारोटी टोल नाके पर FDA ने एक आइशर ट्रक से बाजीराव सुगंधित पान मसाला और मस्तानी 216 तंबाकू जब्त किया. जब्त किए गए माल की कीमत करीब 43.5 लाख रुपये, जबकि ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है. यानी कुल 63.5 लाख रुपये की जब्ती हुई. मामले में कासा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है.
इसी तरह वसई के खाड़ीनावडे टोल नाके पर NH-08 पर एक अन्य ट्रक से करीब 19.80 लाख रुपये का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया गया. ट्रक की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है. इस मामले में कुल 34.80 लाख रुपये की जब्ती हुई और मांडवी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया.
मुंबई के 11 होटल-रेस्टोरेंट पर कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन को लेकर मुंबई डिविजन में 11 होटल, रेस्टोरेंट और बेकरी के खिलाफ कार्रवाई की गई. इनमें 8 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और 3 के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट निलंबित किए गए हैं.
FDA की जांच में अलग-अलग प्रतिष्ठानों में कॉकरोच और मक्खियां, गंदगी, खुले कूड़ेदान, खराब तापमान नियंत्रण, पुराने और काले हो चुके तेल का इस्तेमाल, जंग लगे बर्तन, खुले में खाद्य सामग्री रखने और पानी की जांच रिपोर्ट नहीं होने जैसी गंभीर खामियां सामने आईं.
जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई, उनमें नम नम रेस्टोरेंट्स, मम्माज़ किचन, छोटूज़ किचन, सत्कार कैटरर्स, सूरज लामा मोमोज, ताड़देव लंच होम, शगुन वेज रेस्टोरेंट, रोशन बेकरी, जोहर-ए-इस्लाम होटल, मिस्टर मोमो किंग और भारत कॉफी हाउस शामिल हैं.
FDA के मुताबिक कुछ प्रतिष्ठानों के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद भी जांच की गई. एक मामले में चिकन शेज़वान राइस में कीड़ा मिलने की शिकायत सामने आई थी, जबकि दूसरे प्रतिष्ठान में पके हुए चावल में जीवित कीड़े पाए गए.
FDA ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
महाराष्ट्र FDA ने आम लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट, खराब गुणवत्ता या खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जानकारी मिलती है तो इसकी शिकायत FDA से करें.



