वाराणसी में टोल का विरोध करने पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, भगदड़ में किसान की मौत

वाराणसी: चोलापुर स्थित ढेरही टोल प्लाजा पर बुधवार को टोल वसूली और अधिग्रहित जमीन का मुआवजा नहीं मिलने के विरोध में किसानों के प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ गई। पुलिस के लाठीचार्ज के बाद मची भगदड़ में मृत्युंजय सिंह (60) की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, लाठीचार्ज से बचने के दौरान बाइक से भाग रहे मृत्युंजय का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में एक अन्य किसान के भी घायल होने की सूचना है।
किसानों ने किया था प्रदर्शन का ऐलान
किसानों ने प्रदर्शन का ऐलान किया था। इसे देखते हुए सुबह से ही टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। कई लोगों को हाउस अरेस्ट भी किया गया था। इसके बावजूद दोपहर तक बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पहुंचने लगे। कई जगह पुलिस ने किसानों को रोकने का प्रयास किया। इसी बीच किसान नेता अजीत सिंह पुलिस को चकमा देकर समर्थकों के साथ टोल प्लाजा के पास पहुंच गए।
भगदड़ में किसान की मौत
आरोप है कि अजीत सिंह ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने समय रहते उन्हें बचा लिया। इसके बाद कई अन्य के साथ उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों को वाहन से ले जाने लगी, लेकिन किसानों ने वाहन को घेर लिया। इसके बाद तनाव बढ़ने लगा और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस बीच पुलिस के लाठीचार्ज के बाद किसानों ने पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने किसानों को घेरकर लाठीचार्ज शुरू कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई।
मौत की खबर पर हाईवे जाम
साथी की मौत और दो के गंभीर रूप से घायल होने की खबर मिलते ही किसान भड़क उठे और हाईवे जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे बीजेपी विधायक त्रिभुवन राम ने किसानों की बात सुनने के साथ ही बताया कि सीएम ने जानकारी के बाद टोल वसूली स्थगित करने के निर्देश दे दिए हैं। इसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।



