रोहित पवार के पर काटने की तैयारी! कार्यकर्ताओं को मार्च में शामिन न होने के आदेश

शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार नागपुर में ‘न्याय हक ट्रैक्टर मार्च’ निकालने जा रहे हैं. हालांकि, इस मार्च के लिए रोहित पवार को कार्यकर्ता और पदाधिकारी नहीं मिले. इसकी पूरी तैयारी राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार गुट) की ओर से किए जाने की जानकारी सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार गुट के विदर्भ के जिला अध्यक्षों और शहर अध्यक्षों को पार्टी के एक वरिष्ठ नेता की ओर से रोहित पवार के आंदोलन में शामिल नहीं होने के निर्देश दिए गए हैं.
रोहित पवार ने नागपुर में विदर्भ के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के जिला अध्यक्षों और शहर अध्यक्षों की रविवार (22 नवंबर) को बैठक बुलाई थी. शेगांव से बुटीबोरी होते हुए नागपुर विधानसभा भवन तक ट्रैक्टर मार्च निकालने की योजना बनाई गई है.
पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से क्या कहा गया?
रोहित पवार की बैठक के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता की ओर से जिला अध्यक्षों और शहर अध्यक्षों को अलग निर्देश दिए गए. जमीनी स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वो सिर्फ पार्टी के प्रदेश दफ्तर से मिलने वाले निर्देशों का ही पालन करें.
शरद गुट NCP के NDA के साथ सत्ता में शामिल होने की चर्चा!
पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि एनसीपी (SP) केंद्र और राज्य में NDA के साथ सत्ता में शामिल हो सकती है. इसी चर्चा के बीच रोहित पवार लगातार यह स्पष्ट कर रहे हैं कि वे सत्ता में शामिल नहीं होंगे. उन्होंने यह भी संकेत दिया है कि यदि पार्टी सत्ता में शामिल होने का फैसला करती है, तो वे कोई वैकल्पिक रास्ता अपना सकते हैं. विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है कि इसी वजह से रोहित पवार को पार्टी में दरकिनार किया जा रहा है.
अब देखना होगा कि रोहित पवार इस स्थिति में आगे क्या रुख अपनाते हैं. अगर पार्टी की ओर से इसी तरह उनकी घेराबंदी जारी रहती है, तो क्या आने वाले समय में रोहित पवार कोई अलग राजनीतिक फैसला लेंगे? इस पर सबकी नजरें टिकी हैं.



