पाकिस्तान का F-16 गिराने वाले अभिनंदन वर्धमान की नई पारी, अब किस आसमानी मिशन पर निकले?

Abhinandan Varthaman News: क्या आपको भारतीय वायु सेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्धमान याद हैं? जी हां, वही अभिनंदन वर्धमान, जिन्होंने पाकिस्तान के फाइटर जेट एफ-16 को मार गिराया था. इसके बाद साल 2019 में पाकिस्तान ने उन्हें बंदी बना लिया था. हालांकि, पाकिस्तानी सरकार ने बाद में अभिनंदन वर्धमान को भारत को लौटा दिया था. अब अभिनंदन वर्धमान एक नई भूमिका में हैं. अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायु सेना छोड़ दी है. इंडियन एयरफोर्स के पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन ने अब नई पारी का आगाज किया है. उन्होंने गोवा की एक निजी एयरलाइन कंपनी में कमर्शियल पायलट के रूप में काम शुरू किया है. सूत्रों के अनुसार, उन्होंने गोवा की FLY 91 नामक एयरलाइन में कार्यभार संभाला है. वर्तमान में अभिनंदन वर्धमान कमर्शियल एयरलाइन पायलट के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं.
सूत्रों ने बताया कि ‘वीर चक्र’ से सम्मानित अभिनंद वर्धमान अगस्त में गोवा स्थित एयरलाइन से बतौर पायलट जुड़े. अभिनंदन वर्धमान 2019 में पाकिस्तान के साथ हवाई मुठभेड़ के बाद सुर्खियों में आए थे. उन्होंने उस हवाई लड़ाई में एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराया था और इसके बाद पाकिस्तान में तीन दिन तक हिरासत में भी रहे थे. हालांकि, बाद में भारत के प्रेशर में पाकिस्तान ने अभिनंदन को रिहा कर दिया था.
वीर चक्र से सम्मानित हो चुके हैं अभिनंदन
अभिनंदन वर्धमान को वर्ष 2021 में ‘वीर चक्र’ से सम्मानित किया गया था. यह युद्धकाल में दिया जाने वाला भारत का तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है. पुरस्कार के प्रशस्ति पत्र में हवाई मुठभेड़ के दौरान ‘कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण’ प्रदर्शित करने के लिए उन्हें सम्मानित किए जाने का उल्लेख किया गया था.
किस एयरलाइन से जुड़े अभिनंदन वर्धमान
प्राइवेट एयरलाइन एफएलवाई91 के प्रवक्ता ने इस संबंध में टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि कर्मचारियों की व्यक्तिगत जानकारी निजी मामला है. एयरलाइन में वर्धमान की भूमिका के बारे में अन्य विवरण तत्काल उपलब्ध नहीं हो सके. गोवा स्थित एफएलवाई91 ने मार्च 2024 में परिचालन शुरू किया था. इसके बेड़े में फिलहाल छह एटीआर 72-600 विमान हैं. इसके दो परिचालन केंद्र गोवा और हैदराबाद में हैं.
2019 में अभिनंदन ने कैसे पाक फाइटर जेट गिराया था
फरवरी 2019 की बात है. तब अभिनंदन वर्धमान भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर थे. वह MiG-21 बाइसन स्क्वाड्रन में तैनात थे और श्रीनगर एयर फोर्स स्टेशन पर ‘ऑपरेशनल रेडीनेस प्लेटफॉर्म’ ड्यूटी पर थे. तभी पाकिस्तान एयरफोर्स के कई फाइटर जेट्स के एक ग्रुप को एलओसी यानी लाइन ऑफ कंट्रोल की तरफ बढ़ते हुए देखा गया. इस ग्रुप को देखे जाने के पांच मिनट बाद ही अभिनंदन वर्धमान को उन्हें रोकने के लिए भेजा गया. उन्होंने दुश्मन के फाइटर जेट को खदेड़ा और उनका पीछा किया. अभिनंदन ने हवा में हुई लड़ाई के दौरान F-16 को मार गिराया. हालांकि, उस अफरा-तफरी के बीच दुश्मन के एक विमान ने कई एडवांस्ड BVR मिसाइलें दागीं, जिनमें से एक उनके विमान से टकरा गई. इससे उन्हें दुश्मन के इलाके में इजेक्ट करना पड़ा.



