आमिर शौकीन लगातार बदल रहा था लोकेशन, फिर दिल्ली पुलिस ने ऐसे दबोचा; त्रिपुरा के युवक से की थी बदसलूकी

Aamir Shokeen News: त्रिपुरा के एक युवक के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार और अपमान से जुड़े मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आमिर शौकीन को दिल्ली पुलिस ने 22 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया. अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के कुछ घंटे बाद यह कार्रवाई की गई. पुलिस ने यह मामला सदर बाजार थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 192, 196, 352 और 353 के तहत दर्ज किया है.
दिल्ली पुलिस आमिर शौकीन को सदर बाजार पुलिस थाने लेकर गई है, जहां आरोपी से पूछताछ की जा रही है. सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने के बाद आमिर शौकीन फरात था और उसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस कई जगह पर छापेमारी कर रही थी. गुरुवार दोपहर को उसकी लोकेशन शाहदरा में मिली थी. पुलिस को चकमा देने के लिए वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था. लेकिन शाम में सदर बाजार पुलिस ने टेक्निकल सर्विलेंस की मदद से आमिर शौकीन को गिरफ्तार कर लिया.
इससे पहले, विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने और लोगों की नाराजगी बढ़ने के बाद शोकीन ने माफी मांगी थी. उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट में दावा किया कि वीडियो पहले से तय पटकथा के अनुसार बनाया गया था और उसमें दिखाई देने वाला व्यक्ति उनका परिचित है. शौकीन के अनुसार, वह व्यक्ति पहले अहमदाबाद में उनके एक दोस्त के कैफे में काम कर चुका था. उन्होंने वीडियो में हुई बातचीत को मजाकिया बताया और दावा किया कि दोनों एक-दूसरे के साथ हंसी-मजाक कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि उनका किसी का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था. अधिकारियों के मुताबिक, आमिर शौकीन के खिलाफ पहले भी एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं. पूर्व में उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं 323, 324, 504 और 506 के तहत मामले दर्ज किए गए थे. इससे पहले त्रिपुरा पुलिस ने भी इस विवाद के संबंध में इन्फ्लुएंसर के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया था.
दिल्ली पुलिस ने त्रिपुरा स्टूडेंट्स फोरम दिल्ली (टीएसएफ’डी) की औपचारिक शिकायत के बाद शौकीन के खिलाफ मामला दर्ज किया. संगठन ने पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप करने, एफआईआर दर्ज करने और मामले की शीघ्र जांच करने की मांग की थी. इस मामले को केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी सोशल मीडिया पर उठाया था, जिसके बाद यह मुद्दा चर्चा में आया.
अपनी शिकायत में त्रिपुरा स्टूडेंट्स फोरम दिल्ली ने इंस्टाग्राम पर प्रसारित हो रहे एक वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि इसमें त्रिपुरा के एक व्यक्ति के साथ कथित तौर पर यौन दुर्व्यवहार, उत्पीड़न और अपमानजनक व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है. शिकायत में कहा गया कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह व्यक्ति की गरिमा, शारीरिक स्वायत्तता और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है. साथ ही, पूर्वोत्तर भारत के लोगों को नस्लीय भेदभाव और उत्पीड़न से बचाने की जरूरत भी रेखांकित होती है.
दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर को त्रिपुरा लाने की मांग
टिपरा मोथा पार्टी के संस्थापक प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने पुलिस से आग्रह किया कि त्रिपुरा के एक युवक के साथ नस्ली दुर्व्यवहार के आरोपी दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर को निष्पक्ष जांच के लिए राज्य लाया जाए. दिल्ली पुलिस के साथ ही त्रिपुरा पुलिस में भी एक शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें शौकीन पर नस्ली उत्पीड़न, साइबर धमकी देने और राज्य के मूल निवासी समुदायों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया गया है.
देबबर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, “शौकीन ने न केवल राज्य के एक मूल निवासी युवक का अपमान किया है, बल्कि हमारे राज्य के गौरव और सम्मान को भी ठेस पहुंचाई है. हमने यहां कंटेंट क्रिएटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है, इसलिए निष्पक्ष जांच के लिए उसे राज्य लाया जाना चाहिए.”
उन्होंने कहा, “मैंने सुना है कि उसने वीडियो के लिए माफी मांगी है. उसने जो किया, वह अश्लील है. उसे अपने गलत काम की कीमत चुकानी होगी और हमें ऐसे वीडियो दोबारा बनाए जाने को रोकना होगा.” देबबर्मा ने कहा कि उन्होंने पीड़ित से बात की है, जो उत्तर त्रिपुरा के आनंद बाजार क्षेत्र का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि यदि वह राज्य लौटना चाहता है, तो उसे हरसंभव मदद दी जाएगी.



