किसके फायदे के लिए बना चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी का मोर्चा

आजाद समाज पार्टी और एम.आई. एम.आई.एम. के बीच जो सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का गठन हुआ है, वह समाज में क्या परिवर्तन ला पाएगा यह तो नहीं पता लेकिन यू.पी. विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस गठबंधन की चुनावी बिसात को गड्ड-मड्ड तो कर ही सकता है। ओवैसी की शिनाख्त भले ही भाजपा के हितैषी के रूप में है लेकिन हैदराबाद के बाहर के प्रदेशों में जहां वह चुनाव मैदान में उतरते हैं, 2-3 प्रतिशत मुस्लिम वोट पा ही जाते हैं। इतना ही प्रतिशत वोट भाजपा को तमाम सीटों पर फायदा पहुंचाने के लिए काफी है।
अब जब आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद रावण ओवैसी के साथ आ गए हैं, तो मुमकिन है उन पर भी भाजपा का सहयोगी होने की तोहमत लगने लगे। इस मोर्चे के उदय से पहले खबर आ रही थी कि चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी दोनों ही यू.पी. में ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा होने की इच्छा जाहिर कर चुके थे लेकिन सपा और कांग्रेस दोनों ही की ओर से तवज्जो नहीं दी गई।
इस मोर्चे को लेकर सपा और कांग्रेस ऊपर से भले ही बेफिक्र दिख रही हों, अंदरखाते उनमें हलचल तो मची ही हुई है। विधानसभा चुनाव परिणाम प्रभावित करने के लिए हजार-दो हजार वोट काफी होते हैं। असदुद्दीन ओवैसी भले ही हैदराबाद के हों लेकिन उनके मुरीद मुस्लिमों का एक वर्ग देश के सभी प्रदेशों में मिल जाएगा भले ही मु_ी भर ही क्यों न हो। यू.पी. में आजाद समाज पार्टी के नेता व सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण की दलित समाज के युवाओं में दीवानगी जैसी पैठ बढ़ रही है।
जाति विशेष की राजनीति करने वाले इन दोनों नेताओं के मोर्चा गठित कर और यू.पी. के सभी विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लडऩे के ऐलान का निहितार्थ जो भी हो लेकिन सीधे मुख्यमंत्री बनने का दावा हास्यास्पद लगता है। यह न तो ओवैसी के लिए संभव है और न ही चंद्रशेखर रावण के लिए।
यू.पी. विधानसभा चुनाव से पहले दलित-मुस्लिम गठबंधन का यह मोर्चा निश्चित ही यू.पी. में इन दो प्रमुख जातियों के दम पर कामयाबी का ख्वाब देखने वाले दलों के लिए ङ्क्षचता का सबब है। अपने प्रदेश में महज 7-8 विधानसभा सीटों पर चुनाव लडऩे वाले ओवैसी दूसरे प्रदेशों में 40-50 सीटों पर चुनाव लड़ते हैं और भाजपा से मुकाबला करने वाली पाॢटयों का खेल खराब कर देते हैं। ओवैसी के साथ चंद्रशेखर आजाद रावण के आ जाने से उनकी राजनीति के असल मकसद का पर्दाफाश हुआ है। इस नए गठबंधन के उदय पर भाजपा खामोश है, वहीं सपा और कांग्रेस की प्रतिक्रिया आई है, जिसमें इस गठबंधन को भाजपा का मददगार बताया गया है। प्रथम दृष्टया यह सच भी हो सकता है क्योंकि भाजपा चुनाव जीतने के लिए केवल वोटरों के भरोसे नहीं रहती, वह हर हथकंडा अपनाती है, जो उसके लिए चुनावी दृष्टि से फायदेमंद हो। उसमें जातीय समीकरण साधने से लेकर नए-नए गठबंधन का सृजन भी शामिल है। मुमकिन है यू.पी. में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद रावण के मोर्चे के पीछे भी भाजपा हो लेकिन यदि ऐसा है तो यह सब जोड़-घटाना गैर-भाजपा दल क्यों नहीं कर पाते? ओवैसी ने तो अपने गठबंधन में सपा और कांग्रेस को शामिल होने का न्यौता देकर गेंद उनके पाले में डाल दी है। हालांकि भाजपा की बी टीम होने की तोहमत से बचने के लिए यह उनकी एक चाल के सिवा कुछ नहीं। यू.पी. में चुनाव पूर्व पैदा हुआ यह मोर्चा ज्यादा नहीं 50 से 70 विधानसभा क्षेत्रों में 6-7 हजार वोट ही पाने में सफल रहा तो विपक्ष का खेल खत्म।
मालूम हो कि एक वक्त था जब कांशीराम की बहुजन समाज पार्टी के बैनर तले दलित और मुस्लिम इकट्ठा हुए थे। इसका नतीजा यह रहा कि उत्तर प्रदेश में मायावती के नेतृत्व में बसपा 3 बार सरकार बनाने में कामयाब हुई। वहीं मुस्लिम समाज जब समाजवादी पार्टी के खेमे में चला गया, तब यादव-मुस्लिम के समीकरण से सपा भी 4 बार सरकार बनाने में कामयाब रही। यू.पी. में कांग्रेस के कमजोर होने का फायदा बसपा और सपा को खूब मिला। यदि पिछले लोकसभा चुनाव परिणाम पर गौर करें तो पता चलता है कि दलित समाज, खास कर इस समाज के युवा बाबा साहेब डाक्टर भीमराव आंबेडकर के संविधान की रक्षा को लेकर काफी जागरूक दिखे। सपा और कांग्रेस ने संविधान पर खतरे का मुद्दा जोर-शोर से उठाया था, नतीजा दलित वोटरों ने सपा और कांग्रेस को भर-भर कर वोट दिए, साथ में मुस्लिम वोटरों की एकजुटता भी कमाल की थी। लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस को अच्छी-खासी कामयाबी मिली, भाजपा पीछे छूट गई। 2027 के विधानसभा चुनाव में दलित और मुस्लिम वोटरों में कुछ खास बदलाव नहीं दिख रहा, वे सपा और कांग्रेस के साथ अभी भी दिख रहे हैं लेकिन लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव में फर्क यह है कि लोकसभा का चुनाव परिणाम लाखों वोटरों में तय होता है जबकि विधानसभा चुनाव परिणाम अधिकतम 1 लाख वोटों में ही वारा-न्यारा हो जाता है और दो-तिहाई से अधिक सीटों पर 2 से 10 हजार वोटों के अंतर से ही हार-जीत का फैसला होता है।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद रावण ने अपनी-अपनी जातियों पर जाल फैंक दिया है, अब फंसते कितने हैं, यही देखना है। जितना अधिक फंसेंगे, सपा व कांग्रेस के सामने उतनी ही मुश्किलें आएंगी। 2022 के चुनाव में रुहेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कुछ सीटों पर चुनाव लड़कर आजाद समाज पार्टी ने 0.13 प्रतिशत वोट हासिल किया था, वहीं इसी चुनाव में ओवैसी की पार्टी को 0.49 प्रतिशत वोट हासिल हुआ था। अलग-अलग लड़े इन दोनों पाॢटयों को मिला वोट भले ही आंकड़ों में भारी न हो लेकिन अकेले चुनाव मैदान में उतरी सपा को कई सीटों पर नुकसान पहुंचा था।-यशोदा श्रीवास्तव


