राष्ट्रीय

कन्नौज में दर्दनाक हादसा: पिकनिक से लौट रही स्कूल बस को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, चार बच्चों की मौत; 35 घायल

Kannauj Road Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह टॉयलेट के लिए खड़ी ओरिएंट पब्लिक स्कूल की बस में आगरा की ओर से आ रहे आलू लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें चार छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई और करीब 35 छात्र घायल हो गए।

कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ठठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 209.9 पर टॉयलेट के लिए खड़ी स्कूली बच्चों से भरी बस में आगरा की ओर से आ रहे आलू लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि करीब 35 छात्र घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, जनपद कौशांबी स्थित ओरिएंट पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं वृंदावन और मथुरा के शैक्षणिक भ्रमण व पिकनिक से बस द्वारा वापस कौशांबी लौट रहे थे।

मेडिकल कॉलेज पहुंचे डीएम और एसपी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और यूपीडा की टीमों के साथ कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायल बच्चों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

लखीसराय-जमुई मार्ग पर भीषण हादसा, स्कॉर्पियो-ट्रक की टक्कर में ड्राइवर सहित पांच की मौत

लखीसराय। लखीसराय-जमुई मार्ग पर गुणसागर के समीप मंगलवार सुबह स्कॉर्पियो और कोयला लदे ट्रक के बीच भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई।

मृतकों में तीन पुरुष, एक महिला और एक किशोर शामिल हैं। हादसे में एक मासूम बच्चे और एक महिला सहित चार लोग जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है। 

स्कॉर्पियो सवार सभी लोग पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के ढाका थाना क्षेत्र अंतर्गत रामचंद्र ढाका गांव के रहने वाले थे। सभी देवघर जा रहे थे।

मृतकों की पहचान राकेश गुप्ता (38), मीना देवी (50), पल्लवी देवी (28), बादल कुमार (10) और स्कॉर्पियो चालक जाफर आलम के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो पर सवार सभी लोग मंगलवार सुबह देवघर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गुणसागर के समीप सामने से आ रहे झारखंड नंबर के कोयला लदे मालवाहक ट्रक से स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार पांच लोगों की जान चली गई। दुर्घटना में चार अन्य लोग जख्मी हो गए।

दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो में मुंडन संस्कार से संबंधित सामग्री भी मिली है। पुलिस को आशंका है कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बच्चे का मुंडन संस्कार कराने के लिए सभी लोग देवघर जा रहे होंगे। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों और घायलों को सदर अस्पताल लखीसराय पहुंचाया गया। तेतरहाट थाना पुलिस ने बुलडोजर की मदद से दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को घटनास्थल से हटवाकर थाने पहुंचाया। वहीं, कोयला लदे ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।

तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार सभी लोग मोतिहारी से देवघर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग जख्मी हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button