पीएम की चिंता का सरोकार

बेशक भारत विश्व में सबसे तेज गति से बढऩे वाली अर्थव्यवस्था है। हमारी विकास दर 7 फीसदी या उससे अधिक बताई जाती है, लेकिन ऐसा महसूस नहीं होता कि हम वाकई ऐसी गति से बढ़ रहे हैं! ऐसा इसलिए हो सकता है, क्योंकि जब चीन विकास के इसी स्तर पर था, प्रति व्यक्ति आय भी लगभग इतनी ही थी, तब भी उसकी आय 11-14 फीसदी के औसत से बढ़ी। आखिर चीन में इतनी तेज गति से विकास कैसे हुआ, यह सवाल औसत भारतीय की भी जिज्ञासा होगा। इसका औसत ही जवाब है-जबरदस्त घरेलू मांग और खपत। यह बेहतर, सशक्त मजदूरी या वेतन अथवा मेहनताने के बिना संभव नहीं था। चीन ने साल-दर-साल श्रम के बदले पारिश्रमिक बढ़ाया, नतीजतन लोगों की क्रय-शक्ति बढ़ी, लिहाजा मांग और खपत भी बढ़े। भारत के प्रधानमंत्री मोदी की चिंता का सरोकार यही है। इसीलिए उन्हें उद्योगपतियों से सवाल करना पड़ा कि आपने कितने कर्मचारी और वेतन बढ़ाए हैं? हालांकि अर्थव्यवस्था के संदर्भ में चीन और भारत की तुलना नहीं की जा सकती, क्योंकि चीन की अर्थव्यवस्था भारत से करीब 5 गुना बड़ी है। बेशक भारत की विकास दर 7 फीसदी या उससे अधिक है और चीन की विकास दर करीब 4.5 फीसदी है, तब भी चीन हमारी तुलना में बहुत विकसित देश है। चीन दुनिया की दूसरी सबसे ताकतवर आर्थिक महाशक्ति है। चीन में औसत माहवार वेतन 80,000 रुपए से 1.5 लाख रुपए के बीच है, जबकि भारत में यह औसत 22,314 रुपए माहवार है। 2025 के डाटा के मुताबिक, भारत में 14.76 करोड़ लोग ही ‘नौकरीपेशा’ हैं। भारत में वेतन या दिहाड़ीदार आय की गति बड़ी मंथर है, लिहाजा मुद्रास्फीति की स्थिति में आम आदमी परेशान होने लगता है। बीते सात सालों में, 2019-26 के दौरान, भारत में खुदरा कीमतें, औसत मजदूरी या वेतन की तुलना में, अधिक बढ़ी हैं, लिहाजा महंगाई का बोझ और दबाव बना ही रहता है। यदि नौकरीपेशा वर्ग की आय और क्रय-शक्ति कम होगी, तो निश्चित है कि मांग भी कम होगी। बाजार और उत्पादन भी प्रभावित होंगे।
नतीजतन देश की अर्थव्यवस्था और विकास दर भी सिकुड़ जाएंगी। सवाल है कि भारतीय उद्योगपति और उनकी कंपनियां अपने कर्मचारियों को एक बेहतर वेतन या मजदूरी देने में अक्षम और असमर्थ क्यों हैं? क्या कंपनियां संघर्ष कर रही हैं और उनकी आमदनी सीमित है? ऐसा नहीं है। दरअसल भारतीय कॉरपोरेट वर्ग एक ‘असाधारण मुनाफे’ के दौर में है। बीते साल भारतीय कंपनियों का औसत मुनाफा 22 फीसदी था और उससे पहले साल (2024) में 11 फीसदी था। वे नकदी, ‘चलनिधि’ के पहाड़ पर विराजमान हैं, लेकिन उस पूंजी या संपत्ति का एक हिस्सा अपने कर्मचारियों के साथ साझा करने में ‘कंजूस’ हैं। यदि ऐसा नहीं होता, तो भारत में अमीरी और गरीबी के बीच इतने चौड़े फासले क्यों होते? देश में अरबपतियों की संख्या बढ़ रही है, तो अब भी करोड़ों लोग ‘गरीब’ हैं। ऐसे डाटा प्रधानमंत्री मोदी तक जरूर पहुंचाए गए होंगे! उन्हीं के आधार पर उन्होंने फिक्की के सालाना समारोह के दौरान उद्योगपतियों से सवाल किए। हालांकि प्रधानमंत्री की यह भाषा हमें आपत्तिजनक लगी-‘आपकी भूख इतनी है कि पेट भरता ही नहीं।’ बेशक प्रधानमंत्री की चिंता का सरोकार तार्किक है, क्योंकि श्रम करने वाले कामगारों की आमदनी ही पर्याप्त नहीं होगी, तो भारत ‘विकसित राष्ट्र’ कैसे बन पाएगा? बेशक अर्थशास्त्र की भाषा में विकास दर बताते रहें और जीडीपी को 4 ट्रिलियन के पार गिनाते रहें, लेकिन भारत की विकास-कथा ‘अद्र्धसत्यों’ पर आधारित होगी। जीडीपी की गिनती में अंबानी, अदाणी, टाटा, बिरला, गोयनका, महिन्द्रा आदि ‘कुबेर’ भी शामिल हैं और 9-10,000 रुपए कमाने वाले ‘गरीब’ भी गिने जाते हैं, नतीजतन भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 6वें स्थान पर है। यह बहुत बड़ा अद्र्धसत्य है, जिसे आम आदमी जानता भी नहीं होगा! भारत में कॉरपोरेट वर्ग को, यहां तक कि सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यमों को भी, सरकार ने ढेरों सुविधाएं दी हैं। कई उत्पादों पर जीएसटी कम या खत्म कर दिया गया है। प्रधानमंत्री ने जो सरोकार जताया है, उस पर उद्योगपतियों को आत्मचिंतन, आत्ममंथन करना चाहिए।



