दिल्ली में कैप फाड़ने पर विवाद, 14 साल के लड़के पर चाकू से 12 वार

दिल्ली के खजूरी खास इलाके में स्कूल के बाहर मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले 15 वर्षीय छात्र ने नौवीं के एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में 14 वर्षीय मोहम्मद अयान के पेट, सीने, कमर और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों पर चाकू के 12 वार किए गए. आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले अपनी कैप फाड़े जाने का बदला लेने के लिए इस हमले की योजना बनाई थी. पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर वारदात में इस्तेमाल बटन से खुलने वाला चाकू बरामद कर लिया है.
पुलिस अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, घायल अयान श्रीराम कॉलोनी में परिवार के साथ रहता है और इलाके के सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र है. बुधवार, 25 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे वह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था. करीब 12:50 बजे स्कूल के बाहर उस पर चाकू से हमला कर दिया गया.
छात्र को अस्पताल में कराया भर्ती
घटना की सूचना मिलने पर खजूरी खास थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल छात्र को उसका चाचा जग प्रवेश चंद अस्पताल (JPC Hospital) लेकर जा चुका था. बाद में अयान को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डीसीपी नॉर्थ ईस्ट के अनुसार, उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है.
एक सप्ताह से बदला लेने का मौका तलाश रहा था आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों छात्रों के बीच कुछ दिन पहले विवाद हुआ था. आरोपी का आरोप था कि अयान ने करीब एक सप्ताह पहले उसकी कैप फाड़ दी थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ था. आरोपी इस घटना से नाराज था और उसने इसका बदला लेने का फैसला कर लिया.
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने हमले के लिए चाकू ऑनलाइन मंगवाया था. वह कई दिनों से अयान पर हमला करने का मौका तलाश रहा था. बुधवार को स्कूल से घर जाने को निकले अयान को अकेला पाकर उसने चाकू निकालकर हमला कर दिया.
मौके पर लोगों ने आरोपी को पकड़ा
हमले के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया. पुलिस के पहुंचने पर उसे हिरासत में लिया गया. उसके पास से बटन दबाकर खुलने वाला चाकू भी बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल हमले में किया गया था. पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है. आरोपी की उम्र 15 साल बताई गई है. फिलहाल खजूरी खास थाना पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.



