जरा हट के

पत्नी को सीढ़ियां चढ़ने में होती थी परेशानी, पति से देखा नहीं गया दर्द, खुद बना डाली घर के लिए एस्केलेटर

आंध्र प्रदेश के 65 साल के एक मैकेनिक ने अपनी पत्नी के घुटनों के दर्द को कम करने के लिए घर में खुद एस्केलेटर बना दी. पति के इस प्यार और मेहनत की कहानी सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रही है.

आज के समय में लोग प्यार का इजहार बड़े-बड़े शब्दों और सोशल मीडिया पोस्ट से करते हैं. लेकिन असली प्यार वही होता है, जो मुश्किल वक्त में साथ खड़ा नजर आए. जब कोई इंसान अपने साथी की तकलीफ को अपना दर्द समझने लगे, तब रिश्ते की असली खूबसूरती दिखाई देती है. इन दिनों सोशल मीडिया पर आंध्र प्रदेश के एक बुजुर्ग पति-पत्नी की ऐसी ही कहानी लोगों का दिल जीत रही है. दरअसल, यह कहानी है 65 साल के मैकेनिक सट्टी शिवा नारायण रेड्डी की, जिन्होंने अपनी पत्नी की परेशानी को कम करने के लिए ऐसा काम किया, जिसे देखकर लोग उन्हें सलाम कर रहे हैं. उनकी पत्नी सत्यवेणी लंबे समय से घुटनों के गंभीर दर्द से परेशान थीं. घर की पहली मंजिल तक पहुंचने के लिए उन्हें रोज 21 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती थीं, जो उनके लिए बेहद मुश्किल हो गया था. पत्नी को हर दिन दर्द में देखकर पति का दिल टूट जाता था. आखिरकार उन्होंने ठान लिया कि वह इस परेशानी का कोई न कोई हल जरूर निकालेंगे.

दो साल तक सोचते रहे उपाय
सट्टी शिवा नारायण रेड्डी पेशे से मैकेनिक हैं. उनके पास कोई बड़ी इंजीनियरिंग डिग्री नहीं है, लेकिन पत्नी के लिए प्यार और चिंता ने उन्हें कुछ नया करने की ताकत दी. बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब दो साल तक इस आइडिया पर काम किया. वह लगातार सोचते रहे कि ऐसा क्या किया जाए, जिससे उनकी पत्नी आसानी से ऊपर-नीचे जा सके और उसे कोई परेशानी भी न हो. काफी मेहनत और प्लानिंग के बाद उन्होंने घर की सीढ़ियों के लिए एक देसी एस्केलेटर तैयार कर दी. इस मशीन को बनाने में उन्होंने करीब 70 हजार रुपये खर्च किए. जब एस्केलेटर पूरी तरह तैयार हुई, तो पत्नी के लिए सीढ़ियां चढ़ना पहले के मुकाबले काफी आसान हो गया.

पत्नी के चेहरे की मुस्कान बनी सबसे बड़ी खुशी
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि सत्यवेणी आराम से एस्केलेटर की मदद से नीचे उतर रही हैं. उनके चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई देती है. वहीं पति भी उन्हें आराम से चलते देखकर बेहद खुश नजर आते हैं. यह सिर्फ एक मशीन नहीं थी, बल्कि एक पति का अपनी पत्नी के लिए प्यार, चिंता और समर्पण था. जिस उम्र में लोग आराम करने की सोचते हैं, उस उम्र में इस बुजुर्ग शख्स ने अपनी मेहनत और समझदारी से पत्नी की जिंदगी आसान बना दी.

सोशल मीडिया पर लोग कर रहे तारीफ
इस वीडियो को @thebharatpost_ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया गया है. शेयर करते ही यह वीडियो वायरल हो गया अब तक इसे 70 हजार हजार से ज्यादा लोगों ने देख लिया है और हजारों की संख्या में लोगों ने इसे लाइक भी किया है. लोग इस बुजुर्ग पति की सोच और मेहनत की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि प्यार सिर्फ शब्दों से नहीं, बल्कि ऐसे कामों से दिखाई देता है. एक यूजर ने लिखा- “यही असली जीवनसाथी होता है.” दूसरे ने कहा- “पत्नी के लिए इतना सोचने वाला इंसान सच में प्रेरणा है.” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा- “बिना किसी बड़ी डिग्री के इस शख्स ने जो किया, वह काबिल-ए-तारीफ है.”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button