मनोरंजन

बार-बार क्यों टल रही ‘टॉक्सिक’ की रिलीज? फिल्म की एक्ट्रेस ने तोड़ी चुप्पी

नई दिल्ली. साउथ सुपरस्टार यश की ‘टॉक्सिक: अ फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ साल 2026 की मोस्ट अवेटेड पैन इंडिया फिल्म है. इस मूवी से यश लगभग तीन साल बाद कमबैक कर रहे हैं. हैरानी की बात है कि अब तक दो बार मूवी की रिलीज टल चुकी है. अब इस मामले पर फिल्म की एक्ट्रेस तारा सुतारिया ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. उनका मानना है कि यह इंतजार बेकार नहीं जाएगा और इससे फिल्म को फायदा ही होगा.

इस साल की शुरुआत में ईरान-इजरायल के संघर्ष के चलते मिडिल ईस्ट में बने तनाव की वजह से फिल्म की रिलीज डेट को 19 मार्च से बढ़ाकर 4 जून कर दिया गया था. इसके बाद हाल ही में यश ने साफ किया कि फिल्म की रिलीज को एक बार फिर आगे बढ़ा दिया गया है, क्योंकि इस समय पूरी टीम इसके ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन पर फोकस कर रही है. अब फिल्म की रिलीज में हो रही देरी को लेकर तारा सुतारिया ने खुलकर बात की है.

द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से बातचीत के दौरान तारा सुतारिया ने साफ किया कि फिल्म की रिलीज में हो रही देरी से वह बिल्कुल भी परेशान या बेचैन नहीं हैं. उनका मानना है कि इतने बड़े पैमाने पर बन रहे प्रोजेक्ट को दुनिया के सामने सही तरीके से पेश करने के लिए टीम को कई बड़े और सूझबूझ भरे फैसले लेने पड़ते हैं.

तारा सुतारिया ने कहा, ‘मैं बहुत सब्र रखने वाली इंसान हूं. मैं इसे इस तरह नहीं देखती कि अगर फिल्म अभी तुरंत रिलीज नहीं हुई, तो मेरा क्या होगा? मैं हमेशा बड़े नजरिए से सोचती हूं. एक एक्टर के तौर पर आप किसी फिल्म को सिर्फ अपनी जागीर नहीं मान सकते. वह फिल्म सिर्फ आपकी नहीं होती, बल्कि उन सभी लोगों की होती है जिन्होंने दिन-रात मेहनत करके उसे बनाया है.’

तारा ने आगे कहा कि वह फिल्म को लेकर दर्शकों की बेसब्री और उनके उत्साह को बहुत अच्छे से समझती हैं, लेकिन इसके साथ ही वह मेकर्स, प्रोड्यूसर्स और डायरेक्टर के फैसलों का भी पूरा सम्मान करती हैं क्योंकि वे जो भी कर रहे हैं, फिल्म की भलाई के लिए ही कर रहे हैं.

एक्ट्रेस ने आगे कहा कि मैं इस बात को अच्छी तरह समझती हूं कि यहां मेरा काम सिर्फ एक एक्टर के तौर पर अपना बेस्ट देना है. इसके आगे की जो भी चीजें हैं, उसकी समझ शायद मुझे उतनी नहीं हो सकती जितनी फिल्म के प्रोड्यूसर्स या डायरेक्टर्स को होती है. अगर फिल्म की रिलीज में देरी हो रही है, तो उसके पीछे जरूर कुछ ठोस और जायज कारण हैं.

उन्होंने बताया, ‘मैं दर्शकों की बेसब्री को पूरी तरह समझ सकती हूं, यकीन मानिए मुझे भी खुद वैसा ही महसूस होता है, लेकिन मेरा मानना है कि यह इंतजार आखिरकार फिल्म के लिए ही फायदेमंद साबित होगा. इससे फिल्म को ग्लोबल लेवल पर वैसी ही शानदार ओपनिंग और प्यार मिलेगा, जैसी हम सब उम्मीद कर रहे हैं. यकीनन, यह इंतजार पूरी तरह से सार्थक होने वाला है.’

इस फिल्म की कहानी को यश ने गीतू मोहनदास के साथ मिलकर लिखी है. ‘टॉक्सिक: अ फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया जैसे बड़े चेहरे अहम किरदारों में दिखाई देंगे. आपको बता दें कि यह फिल्म टीजर में इंटीमेट सीन को लेकर विवादों मे आ गई थी. लोगों का कहना था कि टीजर के कुछ सीन बेहद अश्लील और आपत्तिजनक थे, जिसके बाद फिल्म को लेकर लंबी बहस छिड़ गई थी.







Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button