दिल्ली में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीन शूटर गिरफ्तार, बड़ी वारदात की रच रहे थे साजिश

बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली में रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो आजमगढ़ और एक दिल्ली का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तीनों शूटर दिल्ली में एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे थे और टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे थे। लेकिन इसी दौरान रोहिणी जिला पुलिस को उनके मूवमेंट के बारे में जानकारी मिली और उन्हें दबोच लिया गया।
पुलिस को मिली थी खुफिया सूचना
पुलिस का दावा है, इन शूटरों की गतिविधियों के बारे में खुफिया सूचना मिली थी और इसके बाद स्पेशल स्टाफ ने उन्हें ट्रैक करना शुरू कर दिया। फिर बाद में निगरानी और तकनीकी जांच के आधार पर तीनों को दबोच लिया गया।
कई आपराधिक घटनाओं में वांटेड
पुलिस ने बताया कि इन शूटर्स को विदेश में बैठे नेटवर्क के जरिए जानकारी मिल रही थी, जिसके बाद इन्हें वारदात को अंजाम देना था। गिरफ्तार शूटर दिल्ली में हुई कई आपराधिक घटनाओं में वांटेड थे।
यह भी पता चला है कि वे पहले कई आपराधिक घटनाओं का अंजाम दे चुके हैं, इनमें हत्या और फायरिंग की घटना आदि शामिल है।



