महीनों से बंद था मकान, अंदर से आती थी अजीबोगरीब आवाजें, दरवाजा खोलते ही आई ऐसी बदबू!

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक चौंकाने वाला वीडियो और फोटोज वायरल हो रहे हैं. अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य के विल्क्स-बैरे (Wilkes-Barre) शहर में एक साधारण दिखने वाले मकान के अंदर छिपी भयानक सच्चाई सामने आई है.
महीनों से बंद पड़े इस घर से अजीब-अजीब आवाजें आ रही थी. जब Wilkes-Barre Animal Control की टीम ने दरवाजा खोला तो अंदर से ऐसी बदबू आई कि अनुभवी रेस्क्यू वर्कर्स भी हैरान रह गए. घर के अंदर का नजारा शॉकिंग था.
कबूतरों ने कर रखा था कब्ज़ा
घर के हर कोने में सैकड़ों कबूतर घूम रहे थे. फर्श, दीवारें, फर्नीचर सब पक्षियों की गंदगी से पटे हुए थे. Pocono Wildlife Rehabilitation and Education Center की को-एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर जेनाइन ने इसे बर्ड होर्डिंग का सबसे खराब केस बताया. शुरू में अनुमान था कि 170-200 कबूतर होंगे, लेकिन जब पूरी तलाशी ली गई तो कुल 318 कबूतर निकले. सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि एक किंग साइज मैट्रेस के नीचे भी कबूतर छिपे हुए थे. जब टीम ने मैट्रेस उठाया तो गंदगी और मूत्र की इतनी मोटी परत थी कि फर्श सचमुच धंस रहा था. अलमारी के ऊपर, छत के कोनों में, हर दरार में घोंसले बने हुए थे. घर की हालत इतनी खराब थी कि फर्श का हिस्सा गीला और कमजोर हो चुका था. रेस्क्यू टीम के मुताबिक, 170 से 200 कबूतर माइट्स (कीड़े) और बर्ड लाइस (जूँ) से संक्रमित थे. कई पक्षी कमजोर, घायल और भूखे थे. कुछ को तुरंत मेडिकल ट्रीटमेंट की जरूरत पड़ी, जिसमें 12 कबूतरों को विशेष देखभाल में रखा गया है.
हो सकता है एनिमल होर्डिंग का मामला
यह मामला एनिमल होर्डिंग का क्लासिक उदाहरण है, जहां कोई व्यक्ति जानवरों को इतनी बड़ी संख्या में रख लेता है कि उनकी देखभाल नहीं कर पाता. होर्डिंग सिर्फ गंदगी नहीं फैलाता, बल्कि जानवरों को भी शारीरिक और मानसिक रूप से नुकसान पहुंचाता है. विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में अक्सर मालिक खुद भी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे होते हैं. विल्क्स-बैरे पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है. घर के मालिक की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन पड़ोसियों ने बताया कि घर लंबे समय से बंद था और अंदर से आवाजें आती रहती थी. बाहर से देखने पर घर सामान्य लगता था, लेकिन अंदर की स्थिति देखकर रेस्क्यू टीम स्तब्ध रह गई. केंद्र अब इन कबूतरों के इलाज, भोजन और नए घर ढूंढने में व्यस्त है. कई कबूतरों को रिहैबिलिटेशन के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा, जबकि कुछ को गोद लेने वाले लोग मिल सकते हैं.



