मनोरंजन

8 फिल्मों में रश्मिका मंदाना का जलवा, हर किरदार में लूटी महफिल, 7 वें नंबर वाली ने की सबसे ज्यादा कमाई

नई दिल्ली. साउथ सिनेमा की टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार रश्मिका मंदाना की ‘कॉकटेल 2’ फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है. अपनी पहली ही कन्नड़ फिल्म से लेकर पैन-इंडिया ब्लॉकबस्टर फिल्मों तक, रश्मिका ने हर बार अपनी वर्सटैलिटी और शानदार एक्टिंग का लोहा मनवाया है. अगर आप भी रश्मिका के फैन हैं तो आपको उनकी ये 8 फिल्में जरूर देखनी चाहिए, जिन्होंने उन्हें आज इस मुकाम पर पहुंचाया है.

किरिक पार्टी: रश्मिका मंदाना ने कन्नड़ फिल्म ‘किरिक पार्टी’ से सिनेमा की दुनिया में कदम रखा था. फिल्म में उन्होंने सांवी नाम की चुलबुली कॉलेज सीनियर का रोल निभाया था. अपनी पहली ही फिल्म में रश्मिका ने इतनी सहज और शानदार एक्टिंग की कि देखने वाले उनके दीवाने हो गए. इस फिल्म की कामयाबी ने रश्मिका को रातों-रात स्टार बना दिया और उनके बड़े करियर की मजबूत नींव रखी.

गीता गोविंदम: यह रश्मिका के करियर की वो ब्लॉकबस्टर रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म थी, जिसने उन्हें हर दिल अजीज बना दिया. फिल्म में उन्होंने गीता नाम की एक अड़ियल और स्वाभिमानी लड़की का किरदार निभाया, जो गलतफहमियों के चक्रव्यूह में फंस जाती है. विजय देवरकोंडा के साथ उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री ने पर्दे पर आग लगा दी थी. कॉमेडी और इमोशन के इस बेहतरीन बैलेंस के लिए रश्मिका को ‘फिल्मफेयर क्रिटिक्स बेस्ट एक्ट्रेस’ का अवॉर्ड भी मिला.

डियर कॉमरेड: इस फिल्म में रश्मिका मंदाना ने लिली का किरदार निभाया, जो एक स्टेट लेवल क्रिकेटर है और अपनी जिंदगी के गहरे सदमे से लड़ रही है. इस रोल में उन्होंने कमाल की संजीदगी और भावुकता दिखाई, जिसने दर्शकों को झकझोर कर रख दिया. एक मजबूत और जटिल किरदार को इतनी खूबसूरती से पर्दे पर उतारकर रश्मिका ने यह साबित कर दिया कि वो सिर्फ ग्लैमरस रोल ही नहीं, बल्कि सीरियस और संजीदा एक्टिंग करने में भी माहिर हैं.

पुष्पा-द राइज: इस फिल्म में श्रीवल्ली का किरदार निभाकर रश्मिका मंदाना ने पैन-इंडिया स्टार के रूप में अपनी पहचान बनाई. एक सीधे-सादे गांव की अल्हड़ लड़की के रोल में उन्होंने गजब की मासूमियत और तेवर दिखाए. अल्लू अर्जुन के साथ उनकी जोड़ी और खासकर ‘सामी सामी’ गाने पर उनके डांस ने दुनिया भर में धूम मचा दी. इस फिल्म के बाद रश्मिका सिर्फ साउथ तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि एक ग्लोबल सेंसेशन बन गईं.

गुडबाय: रश्मिका मंदाना ने महानायक अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म ‘गुडबाय’ से बॉलीवुड में अपना कदम रखा. फिल्म में उन्होंने ‘तारा’ नाम की एक आजाद ख्याल वकील का किरदार निभाया, जो अपनी मां को खोने के बाद गहरे दुख से गुजर रही है. पुरानी और नई पीढ़ी की सोच के टकराव को रश्मिका ने बहुत ही सधे हुए और भावुक अंदाज में पर्दे पर पेश किया. उनकी मैच्योर एक्टिंग को हिंदी दर्शकों ने खूब सराहा.

एनिमल: इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में रश्मिका ने गीतांजलि का किरदार निभाकर सबको चौंका दिया. रणबीर कपूर जैसे दमदार एक्टर के सामने वो पूरी फिल्म में मजबूती से टिकी रहीं. अपने भारी-भरकम डायलॉग्स और आंसुओं से दर्शकों को बांधे रखा, उनके करियर की अब तक की सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस माना जाता है. इस मूवी का डायरेक्शन संदीप रेड्डी वांगा ने किया था.

पुष्पा 2- द रूल: श्रीवल्ली के आइकॉनिक किरदार को रश्मिका मंदाना ने इस सीक्वल में एक नए मुकाम पर पहुंचा दिया. इस बार उनके अभिनय में एक खास ठहराव, मैच्योरिटी और ग्रेस देखने को मिला. फिल्म की जबरदस्त कहानी के बीच रश्मिका के इमोशन्स ने दर्शकों को बांधकर रखा. इस दमदार परफॉर्मेंस के लिए उन्हें साउथ सिनेमा के प्रतिष्ठित साइमा बेस्ट एक्ट्रेस के अवॉर्ड से भी नवाजा गया. लगभग 1800 करोड़ के कलेक्शन के साथ ‘पुष्पा 2’ रश्मिका मंदाना के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली है मूवी है.

छावा: ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘छावा’ में रश्मिका ने महारानी येसुबाई भोंसले का बेहद ताकतवर किरदार निभाया. मराठा साम्राज्य की इस बहादुर रानी के रोल में उन्होंने जो गरिमा, साहस और इमोशनल गहराई दिखाई, उसने दर्शकों का दिल जीत लिया. भारी-भरकम कॉस्ट्यूम और राजसी अंदाज को संभालते हुए ऐसी बेहतरीन एक्टिंग करना रश्मिका की वर्सटैलिटी को साफ दर्शाता है कि वो हर जॉनर में बेस्ट हैं.






Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button