छत्तीसगढ़

केस वापस लेने दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों पर हमला : SP कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

 बेमेतरा. बेमेतरा जिले से हैरतअंगेज मामला सामने आया है. आज एसपी ऑफिस में सिर पर पट्टी बांधे और लंगड़ाते हुए दुष्कर्म पीड़िता के पिता और माता पहुंचे. इस दौरान उन्होंने आरोपी पक्ष पर मारपीट और केस वापस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए एसपी से न्याय की गुहार लगाई. वहीं जघन्य अपराध में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं.

जानकारी के मुताबिक, मारो चौकी क्षेत्र के ग्राम बेवरा निवासी रोहित कुमार वर्मा अपनी पत्नी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे थे. रोहित के सिर पर पट्टी बंधी हुई थी और वह घायल अवस्था में नजर आए. उनका आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उनके घर में घुसकर मारपीट की, जिससे उन्हें सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं.

नाबालिग पीड़िता के पिता का कहना है कि करीब एक वर्ष पहले उनकी नाबालिग बेटी के साथ अनाचार की घटना हुई थी. इस मामले में आरोपी वर्तमान में जेल में बंद है और प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग लगातार उन पर मामला वापस लेने का दबाव बना रहे हैं. विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी जा रही हैं. वहीं मारपीट की घटनाएं भी हो रही हैं.

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

एसपी दफ्तर पहुंचे पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित थाना में शिकायत करने के बावजूद पुलिस मदद करने के बजाय उनके खिलाफ ही कार्रवाई कर रही है. इसी वजह से उन्होंने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है.

एसपी से न्याय की गुहार

पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे परिवार सहित आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे. फिलहाल परिवार ने एसपी को आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की है. इधर मामले में पुलिस अधीक्षक ने कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया है

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button