उत्तरप्रदेश

दवा लेने आजमगढ़ जा रहे मां-बेटे की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर

 मऊ: गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बेलवा गांव से आजमगढ़ दवा लेने जा रहे मां-बेटे की शुक्रवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों बाइक से जा रहे थे। दोहरीघाट थाना क्षेत्र में रामनगर पुलिस बूथ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

दवा लेने आजमगढ़ जा रहे थे मां-बेटे

बड़हलगंज के बेलवा गांव निवासी बिंदु देवी (करीब 40-42 वर्ष) पत्नी राजकुमार अपने बेटे सूरज यादव के साथ शुक्रवार सुबह बाइक से आजमगढ़ दवा लेने जा रही थीं। करीब 11 बजे दोनों मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में रामनगर पुलिस बूथ के पास पहुंचे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से हुआ हादसा

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टक्कर लगते ही मां-बेटे बाइक से गिर गए और ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक ने वाहन रोकने के बजाय मौके से निकलने की कोशिश की और फरार हो गया।

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।

एएसपी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई।

ट्रेलर पुलिस के कब्जे में, चालक की तलाश तेज

अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रेलर चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर चालक ट्रेलर को लॉक करके फरार हो गया।

पुलिस ने ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है। चालक की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चालक का जल्द पता लगाकर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button