तकनीकीराष्ट्रीय

नई तकनीक तैयार करके आगे बढ़ता भारत

‘डिजिटल वाणिज्य के लिए खुला नेटवर्क (ओएनडीसी) जैसी दूरदर्शी पहलों ने ई-कॉमर्स क्षेत्र में बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के एकाधिकार को सीधी चुनौती दी है। ओएनडीसी ने छोटे स्थानीय दुकानदारों और विक्रेताओं को एक समान मंच प्रदान किया है…

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार सम्मेलन (ईएसटीआईसी) को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ वर्षों पहले तक देश के बाहर ईजाद हुई तकनीक का इस्तेमाल करने वाला भारत अब नए डिजिटल दौर में स्वयं नई आधुनिक तकनीक तैयार करके नई सोच और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को न केवल भविष्य की तकनीकों को अपनाना चाहिए, बल्कि साहसिक प्रयोग और नवाचार करते हुए भविष्य की तकनीक के विकास के लिए दुनिया का नेतृत्व भी करना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से बढ़ते साइबर सुरक्षा के खतरों पर चिंता जताई और कहा कि वित्तीय नेटवर्क और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए मजबूत समाधान विकसित करने होंगे। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित जटनी में भारतीय रिजर्व बैंक के डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह नया सेंटर पूरे देश को एक सुरक्षित, आधुनिक और आत्मनिर्भर डिजिटल अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इससे देश की तेजी से बढ़ती डिजिटल बैंकिंग, भुगतान (यूपीआई) और अंतर-बैंकिंग निपटान प्रणालियों को तकनीकी रूप से नया सुदृढ़ आधार मिलेगा।

मोदी ने कहा कि डिजिटल सेवाओं के समावेश से चौबीसों घंटे पारदर्शी बैंकिंग सुविधा उपलब्ध हुई है। पहले जहां औपचारिक बैंकिंग प्रणाली तक छोटे कारोबारियों की पहुंच असंभव मानी जाती थी, वहीं आज बिना किसी संपत्ति की गारंटी के रेहड़ी-पटरी वालों, पारंपरिक कारीगरों, छोटे उद्यमियों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को आसान एवं सस्ता संस्थागत ऋण प्राप्त हो रहा है। डिजिटल पहचान और आधुनिक तकनीकी ढांचे ने देश के सबसे निर्धन वर्ग को वित्तीय रूप से मुख्यधारा में शामिल किया है। गौरतलब है कि केयरएज ग्लोबल रेटिंग्स की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक भारत का डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना तंत्र दुनिया के 10 सबसे असरदार संरचनात्मक सुधारों में शामिल हो चुका है। वैश्विक स्तर पर 38 देशों के 43 प्रमुख सुधारों का गहन अध्ययन करने के बाद जारी की गई इस वैश्विक रिपोर्ट के अनुसार, भारत के इस अभूतपूर्व डिजिटल ढांचे ने न केवल आम नागरिकों के लिए प्रशासनिक और बैंकिंग सेवाओं को सुलभ बनाया है, बल्कि लेन-देन की लागत में भी ऐतिहासिक कटौती की है। इसी तरह स्टेट ऑफ इंडियाज डिजिटल इकोनॉमी (साइड) 2026 रिपोर्ट के अनुसार भारत अब विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी डिजिटल अर्थव्यवस्था बन गया है। इस रिपोर्ट से यह स्पष्ट रूप से उजागर होता है कि भारत ने अपनी डिजिटल कार्यक्षमता, नेटवर्क कवरेज और तकनीकी प्रदर्शन में जर्मनी, फ्रांस, जापान और कनाडा जैसे कई विकसित राष्ट्रों को पीछे छोड़ दिया है। इसमें कोई दो मत नहीं हैं कि भारत का डिजिटल विकास देश की आर्थिक प्रगति का नया आधार बन गया है। बीते एक दशक में भारत ने जिस तीव्र गति, दूरदर्शिता और नवाचार के साथ अपने डिजिटल तंत्र का विस्तार किया है, उसने देश के आर्थिक और सामाजिक परिदृश्य को पूरी तरह बदलकर रख दिया है। डिजिटल इंडिया अभियान से आरंभ हुई यह यात्रा आज दुनिया के सबसे बड़े और सबसे सफल डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के निर्माण तक पहुंच चुकी है। इस अभूतपूर्व डिजिटल अभियान की मजबूत रीढ़ ‘इंडिया स्टैक’ है, तीन प्रमुख और परस्पर जुड़े स्तंभों- आधार, यूपीआई तथा डिजीलॉकर एवं अकाउंट एग्रीगेटर पर टिका हुआ है।

इस तकनीकी रीढ़ को जमीनी स्तर पर मजबूती देने में जैम ट्रिनिटी (जन धन, आधार और मोबाइल) की भूमिका ऐतिहासिक रही है। इसने देश के करोड़ों असंगठित, निर्धन और वंचित नागरिकों को सीधे मुख्यधारा की औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा है। सस्ते हाई-स्पीड इंटरनेट डेटा, 5 जी नेटवर्क के तीव्र प्रसार और किफायती स्मार्टफोन की व्यापक उपलब्धता ने इस डिजिटल ढांचे को देश के अंतिम गांव तक पहुंचा दिया है। निश्चित रूप से भारत की डिजिटल प्रणाली की सफलता का मूल कारण विभिन्न सरकारी संस्थानों, नियामकों (रेगुलेटर्स), बैंकों और तकनीकी संस्थाओं के बीच का बेहतर तालमेल और रणनीतिक सहयोग रहा है। भारत के डिजिटल बुनियादी ढांचे की सफलता का सबसे व्यापक और सकारात्मक प्रभाव सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र तथा छोटे व्यापारियों पर देखा गया है। आज देश में 59 करोड़ से अधिक जनधन खाते संचालित हैं। इन जीरो बैलेंस खातों के माध्यम से सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) राशि बिना किसी बिचौलिए के सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में स्थानांतरित हो रही है। सूक्ष्म और छोटे उद्यमों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाई गई प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत अब तक 60 करोड़ से अधिक बिना गारंटी वाले ऋण खातों के लिए 43 लाख करोड़ रुपए से अधिक की विशाल राशि स्वीकृत की जा चुकी है। डिजिटल लेन-देन के क्षेत्र में भारत ने विश्व स्तर पर अपना वर्चस्व स्थापित किया है। वर्ष 2016-17 के बाद से यूपीआई के वार्षिक लेन-देन की संख्या में लगभग 13000 गुना की आश्चर्यजनक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्तमान में यूपीआई के माध्यम से औसतन प्रतिदिन लगभग 80 करोड़ लेन-देन हो रहे हैं। भारत आज दुनिया के कुल रियल-टाइम डिजिटल भुगतान के लगभग आधे हिस्से का अकेले नेतृत्व करता है। एक छोटे चाय या सब्जी विक्रेता से लेकर बड़े बहुराष्ट्रीय निगमों तक, डिजिटल लेन-देन के व्यापक प्रसार ने नकद प्रबंधन की भारी लागतों को समाप्त कर अर्थव्यवस्था में मुद्रा की तरलता को अभूतपूर्व गति प्रदान की है। इससे व्यापार में पारदर्शिता बढ़ी है और देश का कर आधार व्यापक हुआ है। सस्ते इंटरनेट और मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर ने देश में उपभोक्ता व्यवहार को एक नई परिभाषा देते हुए भारत को विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बना दिया है। फिनटेक, एड-टेक, हेल्थ-टेक और एग्री-टेक जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय स्टार्टअप्स न केवल क्रांतिकारी तकनीकी सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं, बल्कि बड़े पैमाने पर नए रोजगार सृजित कर भारी मात्रा में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, यानी एफडीआई भी आकर्षित कर रहे हैं।

इसके साथ ही ‘डिजिटल वाणिज्य के लिए खुला नेटवर्क (ओएनडीसी) जैसी दूरदर्शी पहलों ने ई-कॉमर्स क्षेत्र में बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के एकाधिकार को सीधी चुनौती दी है। ओएनडीसी ने छोटे स्थानीय दुकानदारों और विक्रेताओं को एक समान मंच प्रदान कर डिजिटल व्यापार का लोकतंत्रीकरण किया है। इस डिजिटल कनेक्टिविटी के कारण अब टियर-2 और टियर-3 शहरों तथा ग्रामीण इलाकों के उद्यमी देश की मुख्यधारा की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि में अपना सक्रिय योगदान दे रहे हैं। यह बात भी महत्वपूर्ण है कि सरकारी प्रशासन और लोक कल्याणकारी योजनाओं के वितरण में भी डिजिटल तकनीक ने क्रांतिकारी और ऐतिहासिक सुधार किए हैं। डीबीटी के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं, सामाजिक पेंशन, पीएम-किसान सम्मान निधि और राशन/गैस सब्सिडी का पैसा बिना किसी बिचौलिए या प्रशासनिक देरी के सीधे पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा हो रहा है। डीबीटी ने फर्जी खातों, बिचौलियों और प्रशासनिक रिसाव (लीकेज) को पूरी तरह समाप्त कर दिया है, जिससे सरकार को लाखों करोड़ रुपए के राजस्व की सीधी बचत हुई है और कल्याणकारी योजनाओं का दायरा बढ़ा है। इसके अलावा, वस्तु एवं सेवा कर प्रणाली के पूर्ण डिजिटलीकरण और आयकर रिटर्न की प्रक्रिया के फेसलेस होने से लाभ हुआ है।-डा. जयंती लाल भंडारी

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button