जरा हट के

‘कॉलर पकड़ा, कपड़े फाड़े…’, मेरठ में पत्नी ने भीड़ के सामने पति को किया बेइज्जत

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसा हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है. इसे देखकर आप भी कहेंगे ये क्या ड्रामा चल रहा है. शहर के पॉश इलाके में बीच सड़क पर एक पति और पत्नी आपस में भिड़ गए. दोनों के बीच इस कदर हाथापाई हुई कि पत्नी ने सरेआम अपने पति के कपड़े तक फाड़ डाले. यह पूरा हाई-वोल्टेज ड्रामा वहां से गुजर रहे लोगों के लिए तमाशा बन गया और किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

क्या है पूरा मामला?
यह घटना मेरठ के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित विक्टोरिया पार्क के पास क्रिकेट ग्राउंड रोड की है. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सोनम और उसके पति संचित भारती के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो रही है. कुछ ही देर में बात इतनी बिगड़ जाती है कि सोनम सरेआम अपने पति संचित का कॉलर पकड़ लेती है और खींचतान में उसकी शर्ट फाड़ देती है. इसके जवाब में गुस्से में तमतमाया पति भी अपनी फटी हुई शर्ट को उतारकर अपनी पत्नी के चेहरे पर जोर से दे मारता है.

सड़क पर लगा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
इस रोड-साइड क्लेश के कारण सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी. आसपास जाम की स्थिति भी बन गई. वीडियो में महिला को उस शख्स पर चिल्लाते हुए सुना जा सकता है कि भाग कर कहां जाओगे. इसी बीच भीड़ से किसी ने उसे पकड़ने के लिए आवाज दी. वहीं, एक स्थानीय पार्षद ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को समझा-बुझाकर थाने ले आई.

विवाद की असली वजह?
पुलिस पूछताछ और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, सोनम और संचित भारती के बीच काफी लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा है. यह मामला पहले भी कई बार थाने और कोर्ट तक पहुंच चुका है. कोर्ट के आदेश पर संचित अपनी पत्नी सोनम को हर महीने गुजारा भत्ता भी दे रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक पारिवारिक विवाद का मामला है. फिलहाल दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है और आधिकारिक शिकायत मिलने पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button