NCP में सबकुछ ठीक नहीं! मुंबई की बैठक में गरमाया माहौल, छगन भुजबल बोले- ‘2029 में अपने दम पर…’

मुंबई में मंगलवार (26 मई) को राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रमुख नेताओं की अहम बैठक देवगिरी बंगले पर आयोजित की गई. उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और सांसद पार्थ पवार की मौजूदगी में हुई यह बैठक कई मायनों में खास रही. बैठक के दौरान पार्टी के अंदर चल रही नाराजगी और भविष्य की रणनीति दोनों खुलकर सामने आईं. बताया जा रहा है कि बैठक का माहौल कई बार काफी गर्म हो गया और नेताओं के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली.
सूत्रों के मुताबिक, प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे ने बैठक में खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि उन पर लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन पार्टी का कोई बड़ा नेता खुलकर उनके समर्थन में सामने नहीं आया. इस बात को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई. इसी मुद्दे पर उनकी और वरिष्ठ नेता छगन भुजबल के बीच तीखी शाब्दिक बहस भी हुई. बैठक में कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया.
भुजबल ने दिया बड़ा राजनीतिक संदेश
बैठक के दौरान छगन भुजबल ने 2029 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस को अब से ही अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए.
भुजबल ने कहा कि आने वाले समय में भाजपा क्या भूमिका अपनाएगी, यह अभी साफ नहीं है. ऐसे में पार्टी को राज्य की सभी 288 विधानसभा सीटों पर मजबूत तैयारी करनी होगी.
उन्होंने यह भी कहा कि अगर भविष्य में विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ती है तो उसके लिए भी अभी से रणनीति बनाई जानी चाहिए. भुजबल ने पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया.
SIR अभियान पर उठाए सवाल
छगन भुजबल ने विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण यानी SIR अभियान पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि यह अभियान एक खास राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाने के मकसद से चलाया जा रहा है.
भुजबल ने कहा कि इस प्रक्रिया के जरिए राष्ट्रवादी कांग्रेस के वोट कम करने की कोशिश हो रही है. उन्होंने पार्टी नेताओं को समय रहते सतर्क रहने की सलाह दी. इसके साथ ही उन्होंने अगले दो दिनों में बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ की नियुक्ति करने और उन्हें तुरंत प्रशिक्षण देने की मांग भी रखी.
सुनेत्रा पवार ने दिया एकजुटता का संदेश
बैठक में सुनेत्रा पवार ने पार्टी नेताओं को एकजुट रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता है. सभी नेताओं को एक ही आवाज और एक जैसी भूमिका में बोलना चाहिए ताकि कार्यकर्ताओं के बीच सही संदेश जाए.
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव भी पारित किया गया. इसमें तय किया गया कि आने वाले समय में सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में पार्टी को पूरे महाराष्ट्र में और मजबूत किया जाएगा. साथ ही यह भरोसा भी जताया गया कि उनके हर फैसले के साथ पार्टी के विधायक, सांसद और पदाधिकारी मजबूती से खड़े रहेंगे.



