छत्तीसगढ़

CG – बेमौसम बरसात: आकाशीय बिजली का कहर: दो गांवों में 27 मवेशियों की मौत, पशुपालकों ने मांगा मुआवजा

जशपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है। तपकरा थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग घटनाओं में कुल 27 मवेशियों की मौत हो गई। घटना के बाद प्रभावित गांवों में शोक और चिंता का माहौल है, जबकि पशुपालकों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, तपकरा थाना क्षेत्र के अमडीहा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 12 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना पुराईनबंध गांव में हुई, जहां वज्रपात की चपेट में आने से 12 बकरियों और 3 अन्य मवेशियों की जान चली गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान पशु खुले क्षेत्र में मौजूद थे, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और बड़ी संख्या में पशु उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा मृत पशुओं का पंचनामा तैयार कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। रिपोर्ट तैयार होने के बाद शासन के नियमानुसार सहायता राशि देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

घटना से प्रभावित पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन ही उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है, ऐसे में अचानक इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की मौत से उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।

गौरतलब है कि इन दिनों छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने भी कई जिलों में वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह जारी की है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button