छत्तीसगढ़

CG : कंटेनर में बना रखा था गुप्त चैंबर, पुलिस ने खोला राज तो निकला 2.23 करोड़ का गांजा, चालक गिरफ्तार

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से 447 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2.23 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में पंजाब निवासी ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने मंगलवार को बताया कि सोमवार शाम मध्य प्रदेश सीमा के पास चिल्फी थाना के सामने बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को पुलिस ने रोका।

संदिग्ध गतिविधियों के बाद ट्रक की तलाशी

ट्रक चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उससे पूछताछ की गई। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चालक की सीट के ऊपर ट्रक में विशेष रूप से बनाए गए एक गुप्त चैंबर का पता चला। इसमें खाकी रंग की टेप से लिपटे कई पैकेट छिपाकर रखे गए थे।

पुलिस ने पैकेटों को खोलकर जांच की तो उनमें कुल 447 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 2.23 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया और ट्रक को कब्जे में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलजीत सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। उसके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
पुलिस के अनुसार, कबीरधाम जिले की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का उद्देश्य गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाना है। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।

केले से लदे ट्रक से 9 क्विंटल गांजा बरामद
कुछ महीने पहले, छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में केले से लदे ट्रक से 9 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त किया गया था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए गांजे की कीमत 4 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई थी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button