मध्यप्रदेश

दिल्ली से बस में बैठ भोपाल पहुंचा शख्स, ISBT पर डीआरआई ने दबोच लिया, सलवार सूट में मिली 7.32 करोड़ की ड्रग्स

भोपाल: राजधानी के इंटर-स्टेट बस टर्मिनल पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। दिल्ली से बस के जरिए भोपाल पहुंचे एक संदिग्ध यात्री के पास से 9.139 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामेफेटामाइन ड्रग्स बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इस जप्त की गई खेप की कीमत करीब 7.32 करोड़ रुपये आंकी गई है। डीआरआई की इस कार्रवाई से नशा तस्करों के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

खुफिया इनपुट पर हुई कार्रवाई

डीआरआई अधिकारियों के मुताबिक, उनके पास दिल्ली से भोपाल आ रही एक खेप को लेकर खास खुफिया इनपुट थे। इसी पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने मंगलवार तड़के सुबह आईएसबीटी पर मोर्चा संभाला। जैसे ही दिल्ली से आने वाली बस टर्मिनल पर रुकी, अधिकारियों ने तुरंत एक्शन लेते हुए संबंधित भारतीय यात्री को रोक लिया और उसकी तलाशी शुरू की।

सलवार सूट के पैकेटों में छिपा रखा था माल

यात्री के पास दो मीडियम साइज के ट्रॉली बैग थे। जब अधिकारियों ने इन बैगों की बारीकी से तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए। तस्कर ने शातिर तरीके से सलवार सूट के पैकेटों के अंदर क्रिस्टल मेथामेफेटामाइन के 11 प्लास्टिक पैकेट छिपा रखे थे। अधिकारियों ने मौके पर ही फील्ड टेस्ट किट से इसकी जांच की, जिसमें ड्रग्स होने की पुष्टि हो गई।

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बड़ा एक्शन

फिलहाल, डीआरआई की टीम गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे भोपाल या आगे किसे डिलीवर किया जाना था। इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेजी से की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत अवैध ड्रग्स तस्करी पर लगाम लगाने के प्रयासों का एक अहम हिस्सा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button