जिम्बाब्वे के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, भारत के लिए T20I में खास कारनामा करने वाले बने पहले खिलाड़ी

ई दिल्ली: टीम इंडिया के स्टार के खिलाड़ी अभिषेक शर्मा की पहचान एक विस्फोटक बल्लेबाज की है. अभिषेक पहली गेंद से गेंदबाजों की धज्जियां उड़ना शुरू कर देते हैं, लेकिन जिस दिन उनका बल्ला नहीं चलता है तो वह गेंदबाजी में भी कमाल कर देते हैं. ऐसा ही कुछ जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में हुआ. इस मैच में पारी की शुरुआत करते हुए अभिषेक शर्मा 8 गेंद में 2 चौके की मदद से सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए.
बल्लेबाजी में फ्लॉप होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने दूसरी पारी में उन्हें गेंदबाजी थमाई. अभिषेक ने भी अपने कप्तान को निराश नहीं किया और 2.5 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए. इसके साथ ही अभिषेक मेंस टी20 में टीम इंडिया के पहले ऐसे ओपनर बल्लेबाज बन गए, जिन्होंने गेंदबाजी में 3 विकेट लेने का कारनामा किया. अभिषेक के अलावा भारत के बड़े-बड़े दिग्गज ओपनर भी टी20 इंटरनेशनल में ऐसा नहीं कर पाए हैं.
अभिषेक की दमदार से बॉलिंग ने भारत ने 90 रन से जीता मैच
जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक शर्मा की दमदार गेंदबाजी से टीम इंडिया ने 90 रन से मुकाबले को अपने नाम कर 2-0 से सीरीज में अजेय बढ़त बना ली. मैच में टॉस हारने के बाद टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला था. बल्लेबाजी में टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही. अभिषेक के अलावा वैभव सूर्यवंशी भी 9 गेंद में सिर्फ 20 रन बनाकर आउट हो गए. हालांकि, मिडिल ऑर्डर में टीम इंडिया के लिए ईशान किशन और उप कप्तान तिलक वर्मा ने पारी को संभाल लिया.
ईशान किशन ने 44 गेंद में 81 रनों की पारी खेली. इसके अलावा तिलक वर्मा ने 29 गेंद में नाबाद 60 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस ने 25 रनों का योगदान दिया, जिससे टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर के खेल में 5 विकेट के नुकसान पर 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.5 ओवर में 129 रन बनाकर सिमट गई. गेंदबाजी में टीम इंडिया के लिए अभिषेक के अलावा यश ठाकुर और प्रिंस यादव ने 2-2 सफलता हासिल की, जबकि रवि बिश्नोई, तिलक वर्मा और शिवम दुबे के खाते में भी एक-एक विकेट आया.



