महाराष्ट्र के मंत्री अतुल के भाई-भतीजे पर हमला, ICU में भर्ती

महाराष्ट्र में मंत्री के अपने ही जब सुरक्षित नहीं तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित हो? ताजा मामला छत्रपति संभाजीनगर जिले के खांडेवाड़ी इलाके की है. यहां महाराष्ट्र के मंत्री अतुल सावे के भाई और भतीजे पर जानलेवा हमला किया गया है. इस हमले में उनके भतीजे की हालत गंभीर बताई जा रही है. इस हमले की जानकारी खुद अतुल सावे ने दी है.
अतुल सावे ने दावा किया कि गुरुवार को छत्रपति संभाजीनगर जिले के खांडेवाड़ी इलाके में बहस के दौरान कुछ लोगों ने उनके भाई और भतीजे पर हमला कर दिया. इस घटना पर कड़ा आक्रोश जताते हुए मंत्री ने इसमें शामिल स्थानीय गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
लोहे की रोड से भतीजे पर हमला
एक वीडियो संदेश में राज्य के ओबीसी कल्याण मंत्री एवं बीजेपी नेता ने कहा कि यह घटना उस समय हुई, जब उनके भाई अजीत सावे और उनके बेटे अमेय दोपहर लगभग 12 बजे अपने ‘कंक्रीट मिक्सिंग प्लांट’ जा रहे थे. मंत्री ने साथ ही ये भी जानकारी दी है कि उनका भतीजा पिछले दो साल से खांडेवाड़ी में सफलतापूर्वक एक कंक्रीट प्लांट चला रहा है.
उन्होंने कहा, “गुरुवार को उस इलाके में कुछ बदमाशों ने मेरे भाई की कार रोक ली और उनसे कहा कि वो इस रास्ते से वाहन न ले जाएं. मेरे भाई ने उनसे कहा कि अगर कोई समस्या है तो हम प्रशासन को पत्र लिखेंगे और माप करवा लेंगे. मेरा भतीजा (अमेय) कार से बाहर आया और लोगों से बात करने की कोशिश की.”
मंत्री ने वीडियो संदेश में बताया कि इसके बाद लोगों ने अमेय पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. हमले के दौरान भतीजे के सिर में गंभीर चोट आई है और वो ICU में है. सावे ने कहा, “यह मामला थोड़ा गंभीर है और उसे स्थानीय अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है. मेरे भाई की जेब से पैसे भी निकाल लिए गए. जिन लोगों ने उन पर हमला किया, वो इसी इलाके के रहने वाले हैं और उनकी आपराधिक मानसिकता है.”
सख्त कार्रवाई की मांग
मंत्री ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक और निरीक्षक से बात की है तथा इन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. कथित घटना जिस क्षेत्र के अंतर्गत हुई, वहां के बिडकिन थाने के अधिकारियों से उनकी प्रतिक्रिया के लिए संपर्क नहीं हो सका. इस मामले में पुलिस की तरफ से कोई अपडेट सामने नहीं आया है.



