
नई दिल्ली। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के तहत गत अगस्त में सकल राजस्व संग्रह एक साल पहले के मुकाबले 14.8 प्रतिशत बढक़र 1,99,853 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। अगस्त, 2025 में सकल जीएसटी संग्रह 1,74,116 करोड़ रुपए रहा था। इस साल अगस्त में घरेलू जीएसटी संग्रह 9.3 प्रतिशत और आयात पर प्राप्त जीएसटी राजस्व 29 प्रतिशत बढ़ा है। घरेलू बाजार से सरकार को कुल 1,37,249 करोड़ रुपए का वस्तु एवं सेवा कर प्राप्त हुआ, वहीं निर्यात से 62,604 करोड़ रुपये की जीएसटी की प्राप्ति हुई।
वित्त मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार अगस्त में सरकार ने 31,795 करोड़ रुपए की जीएसटी रिफंड दिया जो एक साल पहले के मुकाबले 67.9 प्रतिशत अधिक है। इस प्रकार शुद्ध जीएसटी संग्रह 8.3 फीसदी की वृद्धि के साथ 1,68,057 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसमें घरेलू जीएसटी से प्राप्त शुद्ध राजस्व 3.4 प्रतिशत की बढक़र 1,18,759 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वहीं, सीमा शुल्क से शुद्ध प्राप्ति 49,299 करोड़ रुपये हो गया। चालू वित्त वर्ष से पहले पांच महीने में सकल जीएसटी संग्रह सालाना आधार पर 11 प्रतिशत ऊपर रहा। यह 10,42,757 करोड़ रुपए दर्ज किया गया। इसमें 1,53,234 करोड़ रुपए का रिफंड निकालने के बाद शुद्ध जीएसटी संग्रह 8,89,523 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रिफंड में 30.4 प्रतिशत और शुद्ध संकलन में नौ प्रतिशत का इजाफा हुआ है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल सितंबर में जीएसटी में अगली पीढ़ी के सुधारों के बाद से ही जीएसटी संग्रह ऊपर बना हुआ है।



