आजम खान के खिलाफ ED का एक्शन, दिल्ली-यूपी में ट्रस्ट और यूनिवर्सिटी पर मारा छापा

नई दिल्ली/रामपुर। आजम खान की मुश्किलें कम लेने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार सुबह ईडी ने रामपुर, सहारनपुर, दिल्ली और गाजियाबाद समेत 10 ठिकानों पर छापेमारी की। इसमें रामपुर का जौहर विश्व विद्यालय भी शामिल है।
जौहर यूनिवर्सिटी में सुबह लगभग सात बजे टीम पहुंची। टीम सभी दस्तावेजों को खंगाल रही है। जानकारी के मुताबिक, आजम खान के आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची है।
बता दें कि कुछ दिन पहले ईडी ने स्थानीय पुलिस से आजम के आपराधिक इतिहास का ब्योरा मांगा था। पुलिस ने जानकारी उपलब्ध नहीं कराई तो टीम खुद ही पहुंच गई और दस्तावेजों को खंगाल रही है।
10 ठिकानों पर की गई छापेमारी
एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) की तरफ से जारी लिस्ट के अनुसार, लखनऊ ज़ोनल ऑफ़िस ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 की धारा 17 के तहत रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में 10 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी, रामपुर से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग की चल रही जांच के सिलसिले में की गई।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई कार्रवाई
यह जांच सरकारी कॉन्ट्रैक्ट के फंड को प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर्स के ज़रिए दूसरी जगह लगाने और बाद में उनके इस्तेमाल (जिसमें यूनिवर्सिटी/ट्रस्ट के लिए संपत्ति बनाना भी शामिल है) से जुड़ी है। जांच में कुछ कॉन्ट्रैक्टर्स और ट्रस्ट के बीच पैसों के लेन-देन का भी पता चला है। साथ ही, सरकारी कॉन्ट्रैक्ट से फ़ायदा उठाने वाले कॉन्ट्रैक्टर्स ने फंड को ट्रस्ट/यूनिवर्सिटी की तरफ़ मोड़ दिया, जिसमें भारी डोनेशन और कंस्ट्रक्शन का काम शामिल है।
टीम के मुताबिक, इस तलाशी का मकसद अपराध से हुई कमाई, फाइनेंशियल रिकॉर्ड, दस्तावेज और डिजिटल सबूतों का पता लगाना है, जो सरकारी फंड को दूसरी जगह लगाने और उनके इस्तेमाल से जुड़े हैं।



