राष्ट्रीय

NTA फिर सवालों के घेरे में, अब यूजीसी-नेट में भी गड़बड़ी; तीन विषयों की दोबारा होगी परीक्षा

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक के बाद अब यूजीसी नेट पेपर में भी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इसके चलते नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने रविवार देर शाम अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र जैसे तीन विषयों की परीक्षा रद कर दी है।

एनटीए ने इन तीनों विषयों की परीक्षा नौ और 10 सितंबर को दोबारा कराने का एलान किया है। इन विषयों के उम्मीदवारों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। परीक्षा शहर, केंद्र और एडमिट कार्ड आदि की जानकारी एनटीए की अधिकारिक वेबसाइट पर दी जाएगी।

एनटीए ने परीक्षा रद करने के बताए चौंकाने वाले आधार

एनटीए ने परीक्षा रद करने के जो आधार बताएं हैं, वह चौंकाने वाले हैं। इसमें बताया है कि प्रश्न पत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद की गलतियां, मशहूर विद्वानों के नामों की गलत स्पेलिंग, किताबों के गलत शीर्षक, सवालों की भाषा, व्याकरण, लिंग और वचन जैसी गलतियां पाई गई हैं। इसलिए यह फैसला लिया गया। ऐसे में एनटीए की क्षमता और उसके कामकाज पर फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

एनटीए ने इस फैसले की जानकारी तब दी, जब यूजीसी नेट की 87 विषयों की परीक्षा में 84 विषयों की उत्तर कुंजी जारी कर दी गई थी। छात्रों को 18 अगस्त को रात 11.59 बजे तक आपत्तियां दर्ज कराने का समय दिया गया है। एनटीए ने यूजीसी नेट की यह उत्तर कुंजी छात्रों के आंदोलन की धमकी के बाद जारी की थी।

छात्रों ने दी थी NTA के घेराव की धमकी

छात्रों ने लगातार हो रही देरी पर नाराजगी जताई थी और 11 अगस्त को एनटीए के घेराव की धमकी दी थी। इसके बाद एनटीए ने आगे आकर छात्रों से कहा था कि वह हफ्ते भर में उत्तर कुंजी जारी कर देगी। एनटीए का दावा है कि इन तीनों विषयों के प्रश्न पत्रों में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी, जिसकी जांच के बाद यह मामला सामने आया।

एजेंसी के अनुसार, जिन तीन विषयों के प्रश्न पत्र रद किए गए हैं, उनमें बड़ी संख्या में प्रश्न ऐसे पाए गए हैं, जो पूर्व में पूछे गए थे। यह परीक्षा में पेपर लीक जैसी गड़बड़ी की ओर इशारा कर रहा है। एनटीए ने अपने बयान में कहा कि इतनी बड़ी गलतियों को केवल चैलेंज प्रोसेस के बाद ठीक नहीं किया जा सकता।

दोबारा परीक्षा का शेड्यूल विषयवार

  • अंग्रेजीः 9 सितंबर 2026, शिफ्ट-1, सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
  • कॉमर्स: 9 सितंबर 2026, शिफ्ट- 2, दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक
  • समाज शास्त्रः 10 सितंबर 2026, शिफ्ट- 1, सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक

बाकी 84 विषयों के समय पर जारी होंगे परिणाम

एनटीए ने कहा कि अंग्रेजी, कामर्स व समाजशास्त्र को छोडकर बाकी 84 विषयों के लिए आज आंसर की चैलेंज विंडो खुली है, उनके परिणाम भी तय समय पर घोषित होंगे। साथ ही कहा है कि जेआरएफ की सीटों का आवंटन, असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए योग्यता व पीएचडी एडमिशन के लिए ई-सर्टिफिकेट जारी करने में दोबारा परीक्षा के कारण कोई देरी नहीं होगी।

दोबारा परीक्षा देने वाले तीनों विषयों के उम्मीदवारों का ख्याल

दोबारा परीक्षा देने वाले तीनों विषयों के उम्मीदवारों का ख्याल रखा जाएगा। असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए योग्यता प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों की संख्या जून 2026 की परीक्षा या दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की संख्या के छह प्रतिशत के बराबर होगी।

जेआरएफ, असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए योग्यता और पीएचडी एडमिशन के लिए योग्यता का विषय-वार आवंटन इंफॉर्मेशन बुलेटिन में बताए नियमों के अनुसार किया जाएगा। हर विषय के लिए पहले से तय किए गए नंबरों में किसी भी हालत में कोई कटौती नहीं की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button