दतिया उपचुनाव: हार के बाद पहली बार साथ दिखे नरोत्तम और आशुतोष, क्या कह रही दोनों की कैमिस्ट्री

दतिया: मध्य प्रदेश की राजनीति फिलहाल गरमाई हुई है। वजह है दतिया सीट पर हुआ उपचुनाव। दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के आशुतोष तिवारी को शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस हार की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी आलाकमान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिले की सभी इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। हालांकि इसकी पटकथा नरोत्तम मिश्रा की टिकट कटने के बाद हुए बवाल के बाद ही लिख गई थी।
राजनीतिक गलियारों में इस पराजय के पीछे स्थानीय स्तर पर भीतरघात और आंतरिक असंतोष को मुख्य वजह माना जा रहा है, क्योंकि चुनाव संचालन समिति के प्रमुख होने के बावजूद पार्टी को शहरी क्षेत्र में कांग्रेस से 11,000 कम वोट मिले।
क्या कह रही दोनों की बॉडी लैंग्वेज
डॉ. नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी की हालिया मुलाकात की तस्वीरें महज एक शिष्टाचार नहीं, बल्कि राज्य के बदलते सियासी पावर डायनेमिक्स का एक स्पष्ट रूप पेश करती हैं। एक तरफ सोफे पर सहज और आश्वस्त मुद्रा में बैठे डॉ. मिश्रा का ‘पावर स्टेंस’ यह साबित करता है कि चुनावी नतीजों या प्रशासनिक पदों के फेरबदल के बावजूद उनका राजनीतिक रसूख और आभामंडल पूरी तरह बरकरार है। वहीं दूसरी ओर, आशुतोष तिवारी की झुकी हुई शारीरिक मुद्रा और सधे हुए हाथ वरिष्ठता और राजनीतिक अनुभव के प्रति उनके गहरे आदर भाव को रेखांकित करते हैं।
तनावमुक्त केमिस्ट्री और सियासी कयासों पर विराम
तमाम राजनीतिक अटकलों और चर्चाओं के विपरीत, दोनों नेताओं के चेहरों पर दिखाई दी सहज मुस्कान यह संदेश देने के लिए काफी थी कि सतह के नीचे भले ही उथल-पुथल हो, लेकिन व्यक्तिगत और आत्मीय रिश्ते अभी भी मजबूत हैं।
लगभग एक घंटे चली इस लंबी मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश और बयान सुनियोजित रणनीति का हिस्सा प्रतीत होते हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य हवा में तैर रही कयासबाजियों पर विराम लगाना था। यह दृश्य राजनीति के उस पहलू को उजागर करता है जहां वैचारिक और चुनावी उठापटक के बीच भी व्यक्तिगत आत्मीयता और राजनीतिक शिष्टाचार को जीवित रखा जाता है।
डैमेज कंट्रोल और भविष्य की सियासी राह
मुलाकात के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने स्पष्ट किया कि उनके और आशुतोष के बीच किसी भी प्रकार की खटास की खबरें पूरी तरह निराधार हैं, और उन्होंने आशुतोष को अपना ‘अनुज’ बताते हुए 2003 से चले आ रहे पुराने संबंधों का हवाला दिया।
दूसरी ओर, आशुतोष तिवारी द्वारा सार्वजनिक रूप से किसी पर नाराजगी न जताना उनकी राजनीतिक परिपक्वता और पार्टी अनुशासन के प्रति निष्ठा को दर्शाता है। एक तरफ जहां डॉ. मिश्रा का केंद्रीय नेतृत्व से मिलने के लिए दिल्ली जाना प्रस्तावित है, वहीं दूसरी तरफ आशुतोष तिवारी को संगठन में किसी बड़ी जिम्मेदारी से नवाजे जाने के कयास भी लगाए जा रहे हैं। राजनीति ऐसे तो अनिश्चितताओं का खेल है, कम से कम बीजेपी की आज की राजनीति को देखकर तो यह कहा ही जा सकता है। ऐसे में दोनों नेताओं के भविष्य को लेकर पार्टी क्या फैसला लेगी, यह देखने वाली बात होगी।



