मध्यप्रदेश

‘महाभारत’ के भीम और ‘ब्रह्मास्त्र’ अभिनेता पर शादी का झांसा देकर महिला के उत्पीड़न का आरोप, पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में लिया

डबरा: मध्यप्रदेश के डबरा से निकलकर टेलीविजन और बॉलीवुड की दुनिया में पहचान बनाने वाले अभिनेता एवं WWE रेसलर सौरव गुर्जर इन दिनों एक गंभीर कानूनी मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। हैदराबाद पुलिस ने एक महिला की शिकायत के आधार पर उन्हें मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में लिया है। कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। महिला ने सौरव गुर्जर पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक साथ रहने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और शादी की बात करने पर दूरी बनाने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, ये सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं और मामले की जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया जारी है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई पहचान, रिश्ते में बदली नजदीकियां
शिकायत के अनुसार, 29 वर्षीय महिला की वर्ष 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए सौरव गुर्जर से मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सऐप पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं। महिला का दावा है कि 25 दिसंबर 2021 को पहली मुलाकात के दौरान सौरव ने उनसे शादी करने और पत्नी का दर्जा देने का भरोसा दिया था। महिला के मुताबिक, इसके बाद दोनों अमेरिका में साथ रहे और भारत लौटने के बाद भी उनका साथ बना रहा।

बिजनेस का भरोसा, अमेरिका की नौकरी छोड़ने का आरोप
महिला ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि सौरव के कहने पर उन्होंने अमेरिका में अपनी नौकरी छोड़ दी थी। उनका दावा है कि सौरव ने दोनों के मिलकर नया बिजनेस शुरू करने का भरोसा दिया था। महिला का आरोप है कि समय बीतने के साथ उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा। जब भी उन्होंने शादी को लेकर सौरव से सवाल किया, तो कथित तौर पर उनका नंबर ब्लॉक कर दिया जाता था और सौरव उनसे दूरी बना लेते थे।

अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक हैदराबाद में साथ रहने का दावा
शिकायतकर्ता के अनुसार, सौरव गुर्जर अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक उनके साथ हैदराबाद में रहे। इसके बाद वह कथित तौर पर बिना जानकारी दिए वहां से चले गए। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर गचीबोवली पुलिस ने जांच शुरू की और सौरव गुर्जर को मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में लेकर हैदराबाद लाया गया।

‘महाभारत’ के भीम से ‘ब्रह्मास्त्र’ तक बनाई पहचान
सौरव गुर्जर ने वर्ष 2013 में स्टार प्लस के चर्चित धारावाहिक ‘महाभारत’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इस शो में उन्होंने भीम का किरदार निभाकर खास पहचान बनाई। इसके बाद वह ‘संकटमोचन महाबली हनुमान’ में रावण और बाली जैसे किरदारों में नजर आए। वर्ष 2022 में उन्होंने अयान मुखर्जी की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ से बॉलीवुड में भी कदम रखा। फरवरी 2025 में उन्होंने टीवी शो ‘शिव शक्ति—तप त्याग तांडव’ के जरिए टीवी पर वापसी की।

डबरा से निकला चेहरा, बड़े पर्दे तक पहुंचा सफर
सौरव गुर्जर का सफर डबरा से निकलकर टीवी, WWE और बॉलीवुड तक पहुंचा। संघर्ष और पहचान के बाद उन्होंने मनोरंजन की दुनिया में अपना नाम बनाया, लेकिन अब एक महिला की शिकायत के चलते उनके करियर पर कानूनी विवाद की छाया पड़ गई है। मामला अभी न्यायिक प्रक्रिया में है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि अदालत में होना बाकी है और सौरव गुर्जर का पक्ष सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button