कब्ज और कमजोरी से परेशान हैं तो डाइट में शामिल करें अंजीर

Anjeer Benefits: अंजीर फाइबर, कैल्शियम, आयरन, पोटैशियम और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर माना जाता है. इसे रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाने से पाचन को बेहतर रखने में मदद मिल सकती है. विशेषज्ञ के अनुसार अंजीर हड्डियों, दिल की सेहत और शरीर में आयरन की कमी को पूरा करने में सहायक हो सकता है. हालांकि, इसका अधिक सेवन गैस, ब्लोटिंग और दस्त जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है, इसलिए सीमित मात्रा में ही सेवन करना चाहिए.
अंजीर फाइबर से भरपूर माना जाता है, जो पाचन क्रिया को दुरुस्त रखने में मदद करता है. कब्ज, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं से परेशान लोगों के लिए अंजीर किसी रामबाण से कम नहीं है. रात में अंजीर को पानी में भिगोकर सुबह खाली पेट खाने से आंतों की सफाई होती है और पेट हल्का महसूस होता है.
अंजीर में पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाया जाता है, जो दिल को स्वस्थ रखने में सहायक होते हैं. यह ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करता है और खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करता है. नियमित सेवन से हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा कम हो सकता है.
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नगर बलिया की पांच साल अनुभवी चिकित्साधिकारी डॉ. वंदना तिवारी के अनुसार, कैल्शियम, फॉस्फोरस और मैग्नीशियम जैसे तत्वों से भरपूर अंजीर हड्डियों की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है. खासतौर पर बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह फायदेमंद माना जाता है. यह ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारी के खतरे को भी कम करता है.
उन्होंने जानकारी देते हुए आगे बताया कि, अंजीर आयरन का अच्छा स्रोत है, जो शरीर में हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करता है. एनीमिया से पीड़ित लोगों के लिए अंजीर का सेवन बेहद लाभकारी और गुणकारी है. इसे दूध के साथ या भिगोकर खाने से शरीर को अधिक पोषण मिलता है.
हालांकि, अंजीर में प्राकृतिक मिठास होती है, लेकिन इसमें फाइबर भी पाए जाते हैं, जो लंबे समय तक पेट भरा होने का एहसास कराते है. यही कारण है बार-बार भूख नहीं लगती और वजन नियंत्रित रहता है. डाइटिंग कर रहे लोगों के लिए अंजीर एक हेल्दी स्नैक का बेहतर विकल्प साबित हो सकता है.
अंजीर स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल है. अगर इसे सही मात्रा में और नियमित रूप से अपनी डाइट में शामिल किया जाए, तो यह शरीर को अंदर से मजबूत बनाने में मदद करता है. लेकिन अंजीर का अधिक सेवन फायदेमंद की जगह हानिकारक भी हो सकता हैं. इसलिए सावधानी भी जरूरी है.
अंजीर सेहत के लिए फायदेमंद तो है, लेकिन जरूरत से ज्यादा खाने पर नुकसानदायक भी हो सकता है. अधिक खाने से गैस, पेट दर्द, ब्लोटिंग, त्वचा की समस्या और दस्त जैसी कई समस्याएं हो सकती है. सूखे अंजीर में प्राकृतिक शुगर होता है, इसलिए शुगर के मरीजों को सावधानी से सेवन करना चाहिए.
अंजीर के 2 से 3 सूखे फल रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाली पेट खाना और बचा पानी पी लेना चाहिए. कमजोरी दूर करने के लिए दूध में उबालकर सेवन करे. प्रतिदिन 3 अंजीर से ज्यादा न खाएं. यदि आपको डायबिटीज, किडनी की बीमारी या किसी तरह की एलर्जी है, तो बगैर चिकित्सक से संपर्क किए इसका सेवन न करें.



