परमीत सेठी को बेटे ने पिलाई बिल्ली की पॉटी वाली कॉफी, टेस्ट करते ही बोले- WOW

नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह और एक्टर परमीत सेठी के छोटे बेटे आयुष्मान सेठी इन दिनों अपनी गर्लफ्रेंड समीक्षा शेट्टी के साथ बाली में छुट्टियां मना रहे हैं. इस ट्रिप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आयुष्मान अपने पिता परमीत सेठी के साथ ऐसा मजेदार प्रैंक करते नजर आते हैं कि उनका रिएक्शन देखने लायक बन जाता है. आयुष्मान ने अपने पापा को दुनिया की सबसे महंगी कॉफी पिलाई, जो बिल्ली नुमा एक जंगली जानवर की पॉटी से बनती है. सोशल मीडिया पर अब ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है.
दरअसल, बाली जर्नी के दौरान आयुष्मान और समीक्षा ने दुनिया की सबसे अनोखी और महंगी कॉफी में गिनी जाने वाली लुवाक कॉफी का स्वाद चखा. इसके बाद दोनों ने तय किया कि इस कॉफी के स्वाद को वह पापा परमीत सेठी को भी चखाएंगे. समीक्षा ने बचाया कि जिनके साथ वह प्रैंक करने जा रहे हैं वह हाइजीन को काफी सतर्क रहते हैं.
आयुष्मान और समीक्षा ने बताया कैसे बनती है पॉटी वाली कॉफी
आयुष्मान और समीक्षा कॉफी तैयार करने से पहले बताते हैं कि ये अपनी खास निर्माण प्रक्रिया के कारण पूरी दुनिया में मशहूर है. उन्होंने बताया कि इसे ‘एशियन पाम सिवेट’ नामक जानवर के पाचन तंत्र से गुजरने के बाद तैयार किए गए बीन्स से बनाया जाता है. इस जानवर को ‘लुवाक’ कहा जाता है, जो बिल्ली और लोमड़ी की तरह दिखाई देता है. एशियन पाम सिवेट पके हुए कॉफी चेरी को खाता है. जानवर का पाचन तंत्र फल को पचा लेता है, लेकिन कॉफी बीन्स बरकरार रहते हैं. पाचन प्रक्रिया के दौरान एंजाइम्स बीन्स को प्राकृतिक रूप से फर्मेंट करते हैं. बीन्स मल के साथ बाहर निकलते हैं, जिन्हें किसान इकट्ठा करते हैं. फिर बीन्स को साफ, सुखाया, रोस्ट और ग्राइंड किया जाता है.



