सावन का पहला सोमवार: अयोध्या में कांवड़ यात्रा व सावन झूला मेला के लिए अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था

,अयोध्या: सावन झूला मेला और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर प्रशासन ने माह के पहले सोमवार को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं का आना जारी है जो सरयू नदी में स्नान कर नागेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक कर रहे हैं। अयोध्या में भारी भीड़ पहुंची गई है । मेले की मानिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां से सूचनाएं प्रसारित की जा रही है।
नागेश्वर नाथ मंदिर,कनक भवन ,हनुमान गढ़ी और राम जन्मभूमि मंदिर में ट्रैफिक संचालन की विशेष व्यवस्था के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।नयाघाट समेत कई प्रमुख घाटों पर पुरोहितों के छप्पर और तख्त हटाए गए हैं ।पुरोहितों का कहना है कि बिना छाया के घाटों पर बैठकर पूजा-पाठ कराना मुश्किल होगा।उनका आरोप है कि इस कार्रवाई से उनकी आजीविका प्रभावित हो सकती है। इसे लेकर पुरोहित समाज में नाराज हैं।
कांवड़ यात्रा और अयोध्या झूला मेला
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा और अयोध्या झूला मेला में लाखों की भीड़ पहुंचने की संभावना के मद्देनजर अभेद्य सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।अनुमान है कि करीब 20 लाख श्रद्धालु सांस्कृतिक रस में डूबे इस मेले का आनंद उठाने के लिए अयोध्या पहुंचेंगे । मणिपर्वत का मेला -सावन मेला में मणिपर्वत का झूलनोत्सव सबसे आकर्षक होता है जिसमें अयोध्या के प्रमुख मंदिरों के विग्रह यहां झूले पर विराजमान कर उन्हें नृत्य गायन आदि से रिझाया जाता है।इस मौके पर मणि पर्वत पर करीब 5लाख की भीड़ जुटने की उम्मीद जताई जा रही है। यहां भी साफ सफाई और बैरीकेडिंग की व्यवस्था की गई है।नगर निगम ने अस्थाई शौचालयों और घाटों पर महिलाओं के चेंजिंग रूम की संख्या बढ़ा दी है।
अभेद्य सुरक्षा प्रबंध
इस बीच सावन झूला मेला के दौरान अयोध्या में अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अयोध्याधाम और कैट क्षेत्र को पांच जोन तथा 21 सेक्टर में विभाजित कर दो पालियों में नागरिक पुलिस और यातायात पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्यूआरटी से लेकर यातायात प्रबंधन तक हर स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है। बाहरी जिलों का पुलिस बल भी मोर्चे पर है। प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रावण मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, जिससे भक्तगण बिना किसी बाधा के अपनी आस्था का प्रदर्शन कर सकें। सुरक्षा व्यवस्था की निरंतर मॉनिटर की जा रही है।



