महाराष्ट्र

केतन हत्याकांड: सिया गोयल परिवार की मसाला-ड्राई फ्रूट दुकान पर छापा, FDA ने कारोबार बंद करने का नोटिस दिया

पीटीआई, पुणे। महाराष्ट्र के खाद्य नियामक ने पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के आरोपी सिया गोयल के परिवार के स्वामित्व वाली एक मसाला और सूखे मेवों की दुकान को नोटिस जारी कर कुछ नियमों के कथित उल्लंघन के आरोप में कारोबार बंद करने को कहा है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, यह दुकान मेसर्स बीजी गोयल एंड कंपनी द्वारा संचालित की जाती है, जो सिया गोयल के परिवार के स्वामित्व वाली फर्म है, जो वर्तमान में जेल में है, और पुणे शहर के मध्य में मार्केट यार्ड में स्थित है।

अधिकारियों ने बताया कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) द्वारा परिसर का निरीक्षण करने के बाद दुकान को अगले आदेश तक कारोबार बंद करने के लिए कहा गया है।

एफडीए टीम ने दुकान का निरीक्षण किया और चार नमूने लिए, जिनमें ‘संत’ और ‘साधु’ ब्रांड के हल्दी पाउडर, तिल के बीज और सोयाबीन चंक्स शामिल हैं। जांच के दौरान कुल 4,172 किलोग्राम सामान जब्त किया गया, जिनकी कीमत करीब 8.14 लाख रुपये बताई गई है।

एफडीए के अनुसार, दुकान पर लेबलिंग से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया गया, संभावित मिलावट और फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के अनिवार्य प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया।

इसके अलावा, लाइसेंस विवरण में जरूरी सुधार भी नहीं किए गए थे। अधिकारी ने कहा कि उल्लंघनों को देखते हुए फर्म को व्यापार गतिविधियां बंद रखने का नोटिस जारी किया गया है।

बता दें कि 20 वर्षीय सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी पर 25 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या का आरोप है। दोनों पर 18 जून को लोहगढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान केतन को खाई में धक्का देने का आरोप है। फिलहाल सिया जेल में है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button