उत्तरप्रदेश

गाजियाबाद में पहली ही बारिश ने ले ली 6 लोगों की जान

गाजियाबाद : गाजियाबाद में पहली ही बारिशमें जिम्मेदारों की लापरवाही और ड्रेनेज की सफाई न होने से शहर के तमाम इलाके पानी में डूब गए। वसुंधरा के अटल चौक और इंदिरापुरम सहित वीआईपी इलाकों में सड़कें दरिया बन गईं। कई बड़ी और नामी सोसायटियों के बेसमेंट में पानी भर गया। वहीं, विजयनगर में घर के बाहर पानी में डूबने से एक बच्ची की मौत हो गई। इंदिरापुरम में करंट से एक सिक्योरिटी गार्ड की जान चली गई।

मसूरी के मोहिनुद्दीनपुर ढबरासी गांव में खाली प्लॉट में भरे पानी में डूबने से शाद (9)नामक बच्चें की मौत हो गई। वहीं एसीपी लोनी कार्यालय के सामने पानी में एक युवक का शव मिला। हालांकि उसकी पहचान नहीं हो पाई है। इसके अलावा हापुड़ में भी मकान का छज्जा गिरने से एक शख्स की जान चली गई। मोदीनगर में कनन ग्रींस सोसाइटी की दीवार झुग्गी पर गिर पड़ी, मलबे में दबकर एक शख्स की मौत हो गई। लोनी में ही एक मकान गिरने से मलबे महिला जख्मी हो गई। हालात को देखते हुए डीएम ने शुक्रवार को स्कूल बंद रखने के आदेश दिए।

तीन साल की छोटी बेटी पानी में डूब गई

फर्रुखाबाद निवासी सुमित कुमार सर्वोदय नगर की गली नंबर-16 में रहते हैं। गुरुवार को घर के बाहर पानी भरने के कारण उनकी तीन साल की छोटी बेटी पल्लवी का पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गई। लोगों ने एनएच-9 पर जाम भी लगाया। एडीएम ने परिवार को 4 लाख का चेक, संविदा पर एक नौकरी और नाले का निर्माण करने का आश्वासन दिया है।

करंट लगने से गार्ड की मौत

ज्ञानखंड-1 के एक पार्क में करंट लगने से गार्ड की मौत हो गई। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश निवासी बबलू उर्फ नरेंद्र कश्यप (24) के रूप में हुई है, जो ज्ञानखंड की एक सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड थे। दोपहर दो बजे बबलू अपने साथी के साथ पार्क में गए थे, वहां करंट लगने पर पानी में गिर पढ़े। उनके साथी ने शोर मचाया, लेकिन जान नहीं बच सकी।

ACP दफ्तर के सामने पानी में मिला शव

लोनी में एसीपी दफ्तर के ठीक सामने सड़क पर भरे पानी में एक युवक का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कोशिशें शुरू कर दी हैं। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष आंकी गई है।

सोसायटियों में घुसा पानी, वाहन डैमेज

अहिंसा खंड, शिप्रा सनसिटी, वैशाली और वसुंधरा की कई सोसायटियों के बेसमेंट में पानी भर गया, जिससे वहां खड़ीं दर्जनों कारें और गाड़ियां डूबकर डैमेज हो गईं। सड़कों पर नाले का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर बहने लगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button