बारिश में डूब गया शादी का मंडप, दूल्हे ने दिखाया अनोखा अंदाज…

बारिश का मौसम अपने साथ ठंडी हवाएं और राहत तो लेकर आता ही है, लेकिन कई बार यह खुशियों के मौके पर मुश्किलें भी खड़ी कर देता है. खासकर शादी-ब्याह के दौरान अगर अचानक तेज बारिश हो जाए, तो पूरा इंतजाम बिगड़ सकता है. मंडप में पानी भर जाता है, मेहमान इधर-उधर भागने लगते हैं और शादी का माहौल कुछ देर के लिए थम सा जाता है. हालांकि, कई बार ऐसी ही मुश्किल परिस्थितियों में कुछ ऐसे पल भी सामने आते हैं, जो लोगों का दिल जीत लेते हैं. इन दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक दूल्हा अपनी दुल्हन को बारिश के पानी से बचाने के लिए गोद में उठाकर मंडप से बाहर ले जाता दिखाई दे रहा है.
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि शादी का समारोह पूरे धूमधाम से चल रहा है. मंडप खूबसूरती से सजा हुआ है और मेहमान भी शादी का आनंद ले रहे हैं. लेकिन तभी तेज बारिश होने लगती है. कुछ ही देर में मैरिज गार्डन और मंडप के आसपास इतना पानी भर जाता है कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. वीडियो में जब कैमरा नीचे की ओर जाता है, तो साफ दिखाई देता है कि पूरा फर्श पानी से लबालब भरा हुआ है. ऐसा लगता है मानो शादी का पूरा इंतजाम बारिश के आगे बेबस हो गया हो.
दुल्हन को गोद में उठाकर बाहर ले गया दूल्हा
बारिश और भरे पानी के बीच दूल्हा ऐसा फैसला लेता है, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. वह अपनी दुल्हन को पानी में चलने नहीं देता. इसके बजाय वह उसे गोद में उठा लेता है और धीरे-धीरे मंडप से बाहर लेकर निकल जाता है. यह नजारा देखकर वहां मौजूद मेहमान भी मुस्कुराने लगते हैं. किसी ने इसे दूल्हे का अपनी दुल्हन के प्रति प्यार बताया, तो किसी ने कहा कि वह दुल्हन को जल्दी घर ले जाने के लिए काफी उत्साहित था. कुछ ही सेकंड का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
लोग बोले- “दुल्हन को ले जाने की जल्दी थी”
इस वीडियो को @zingabad नाम के एक्स अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो को लाखों लोग देख चुके हैं और हजारों यूजर्स इसे पसंद भी कर चुके हैं. कमेंट सेक्शन में भी लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दी हैं. एक यूजर ने लिखा- “भाई दुल्हन को घर ले जाने के लिए बहुत बेताब है.” दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा- “थोड़ी देर इंतजार कर लेता, पानी तो उतर ही जाता.” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा- “बीवी से मोहब्बत में इंसान क्या-क्या नहीं कर जाता.” हालांकि यह कहना मुश्किल है कि दूल्हे ने यह कदम जल्दबाजी में उठाया या दुल्हन को पानी से बचाने के लिए, लेकिन वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जरूर जीत लिया है. बारिश की वजह से बिगड़े माहौल के बीच दूल्हे का यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है.



